25 दिगंबर जैन संतों के विशाल संघ के साथ मुरादाबाद पहुंचे आचार्य विशुद्ध सागर महाराज, धर्ममय हुआ पीतल नगरी का वातावरण
लव इंडिया, मुरादाबाद। चर्याशिरोमणि आचार्य 108 विशुद्ध सागर महाराज का 25 दिगंबर जैन संतों के विशाल संघ के साथ गुरुवार को मुरादाबाद में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। आचार्य श्री के आगमन पर पूरा शहर धर्ममय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालुओं ने जयघोष, बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और जैन धर्म ध्वजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग पर श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला।

आचार्य श्री के मुरादाबाद आगमन पर दिगंबर जैन मंदिर, लोहागढ़ में उनके मुखारविंद से उच्चारित मंत्रों के साथ शांतिधारा संपन्न हुई। शांतिधारा का सौभाग्य नरेंद्र कुमार जैन (लाजपत नगर) परिवार को प्राप्त हुआ, जबकि आचार्य श्री को शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य दिगंबर जैन समाज के निवर्तमान अध्यक्ष अनिल जैन एवं शशि जैन परिवार को बोली के माध्यम से मिला।
इसके बाद जैन धर्मशाला, घास मंडी गंज में आयोजित धर्मसभा में आचार्य विशुद्ध सागर महाराज ने अपने प्रवचनों में कहा कि आज के समय में मानसिक शांति के लिए मौन और मोबाइल से दूरी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मौन का वास्तविक अर्थ मन को विचारों से शांत करना है। रोटी का त्याग करना जितना कठिन नहीं, उससे कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण कुछ समय के लिए मोबाइल का त्याग करना है। यदि व्यक्ति मोबाइल से दूरी बनाकर मन को शांत करे तो जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव हैं।

आचार्य श्री ने समय के महत्व, संयम, विनम्रता और आत्मचिंतन पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को समय के स्वरूप को समझकर अनुशासित जीवन जीना चाहिए। धर्मसभा में श्रद्धालुओं को आचार्य श्री की कठोर तपस्या और संयममय जीवनचर्या की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि दिगंबर जैन संत 24 घंटे में केवल एक बार आहार और जल ग्रहण करते हैं, जबकि आचार्य विशुद्ध सागर महाराज ने नमक और मीठे का पूर्ण त्याग कर नीरस आहार अपनाया हुआ है। उनका तप, त्याग और वैराग्य जैन साधना की सर्वोच्च परंपरा का जीवंत उदाहरण माना जाता है।

इस अवसर पर तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय (टीएमयू) के कुलाधिपति एवं जैन समाज के संरक्षक सुरेश जैन ने आचार्य श्री के चरणों में नारियल अर्पित कर उन्हें टीएमयू पधारने और विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने का आग्रह किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष राजीव जैन (ठेकेदार) ने की, जबकि संचालन विपिन जैन ने किया।

कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष अनिल जैन, मंत्री अरविंद जैन (मानपुर), उपाध्यक्ष अरविंद जैन (गंज), कोषाध्यक्ष दीपक जैन, डॉ. पवन कुमार जैन, नितिन जैन, शुभम जैन, अनुज जैन, पंकज जैन, नमन जैन, महिला जैन समाज की अध्यक्ष नीलम जैन, पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति के अध्यक्ष संदीप जैन, मंत्री नीरज जैन, सर्वोदय जैन, विकास जैन, ऊषा जैन, सुषमा जैन, ऋतु जैन, राकेश जैन, अविनाश जैन, शिखा जैन, एकता जैन सहित जैन समाज के हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
