ब्रास सिटी के डॉ. विशेष कुमार गुप्ता भारत पटल पर सोने के मानिंद दमके
शिक्षा, बाल संरक्षण एवम् सामाजिक न्याय के लिए चार दशकों से समर्पित एवम् प्रतिष्ठित शिक्षाविद डॉ. विशेष कुमार गुप्ता राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान काउंसिल की ओर से समाज सेवा एवम् शिक्षा की श्रेणी में भारत प्रतिभा सम्मान पुरस्कार से नवाजे जाएंगे, दिल्ली के कान्सटीट्युशनल क्लब ऑफ़ इंडिया में 20 जुलाई को होंगे सम्मानित
लव इंडिया मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश की धरती पर शिक्षा, बाल संरक्षण एवम् सामाजिक न्याय के लिए समर्पित एवम् प्रतिष्ठित शिक्षाविद डॉ. विशेष कुमार गुप्ता का अथक सेवा कार्य- राष्ट्र के लिए एक प्रकाश स्तंभ है। डॉ. गुप्ता की यह यात्रा मुरादाबाद के क्लास रूम से लेकर बाल अधिकार अधिकार के शीर्ष तक अटूट समर्पण का प्रतीक है। युवा शिक्षक के रूप में डॉ. गुप्ता ने पूरे रूहेलखंड परिक्षेत्र में एनएसएस इकाइयां खड़ी करके युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा है। उत्तर प्रदेश बाल अधिकार अध्यक्ष के रूप में उन्होंने वंचित बच्चों के संरक्षण को संस्थागत आधार दिया।

कोरोना महामारी के प्रचंड काल में सड़कों पर असहाय बच्चों के पुनर्वास हेतु ठोस प्रबंध किए। इसी काल में उन्होंने कोरोना का सामाजिक-आर्थिक रोल पुस्तक लिखकर महामारी की सामाजिक पीड़ा को दस्तावेज बद्ध किया। प्रशासनिक चुनौतियों के बावजूद डॉ. गुप्ता ने सात वर्षों तक बाल कल्याण सीमिति का नेतृत्व करते हुए किशोर न्याय मामलों में कोरोना और विधिक दृढ़ता का परिचय दिया। इसी का प्रतिफल है, डॉ. विशेष कुमार गुप्ता यूपी से भारत प्रतिभा सम्मान पुरस्कार के लिए चयनित हुए हैं। चौदह में से समाज सेवा एवम् शिक्षा की श्रेणी डॉ. गुप्ता की झोली में आई है। डॉ. गुप्ता दिल्ली के कान्सटीट्युशनल क्लब ऑफ़ इंडिया में 20 जुलाई को सम्मानित किए जाएंगे।

दिल्ली के इस सम्मान समारोह में डॉ. गुप्ता के साथ उनके परिवार को भी आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रीय स्तर का यह सम्मान राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान काउंसिल की ओर से प्रदान किया जाएगा। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति श्री सुरेश जैन ने भारत प्रतिभा सम्मान पुरस्कार विजेता डॉ. विशेष कुमार गुप्ता को दिल की गहराइयों से बधाई देते हुए कहा, वह मुरादाबाद मंडल या यूपी के ही नहीं, बल्कि देश के गौरव हैं। डॉ. गुप्ता को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए दिल्ली, जयपुर, जेएनयू, गोरखपुर, गुरू जम्भेश्वर यूनिवसिटी सरीखी यूनिवर्सिटीज़ से शिक्षाविदों की ओर से बधाई मिलने का सिलसिला जारी है।

उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निवर्तमान अध्यक्ष और महाराजा हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवम् बिजनौर जनपद में जन्मे डॉ. विशेष गुप्ता राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान परिषद की चार माह की कठिन चयन प्रक्रिया में खरे उतरे हैं। इस चयन प्रक्रिया में छह हज़ार पंजीकरण हुए थे। इनमें से 250 प्रतिभागियों के साक्षात्कार हुए। इनमें से 14 श्रेणियों में एक प्रतिष्ठित जूरी के माध्यम से शिक्षा और समाज सेवा की श्रेणी में उत्तर प्रदेश से डॉ. विशेष गुप्ता का चयन हुआ है। डॉ. गुप्ता चार दशकों से उच्च शिक्षा, समाज सेवा और बाल अधिकार संरक्षण हेतु निरंतर संलग्न हैं। साथ ही वे प्राचार्य होने के साथ उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग में ओएसडी, बाल कल्याण समिति मुरादाबाद के अध्यक्ष के साथ उत्तर प्रदेश सरकार में बाल आयोग के अध्यक्ष पद पर रहते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यपरायणता के संग कार्य किया है।

डॉ. गुप्ता आज भी पूर्ण सक्रियता के साथ अनेक सामाजिक संस्थाओं को दिशा प्रदान करने का कार्य कर रहे हैं। डॉ. गुप्ता की झोली उपलब्धियों से लबरेज है। 25 राष्ट्रीय और 05 अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रों के संग-संग 05 पुस्तकों का प्रकाशन हो चुका है। वह 10 स्नातकोत्तर शोध एवम् 13 पीएचडी करा चुके हैं। यूजीसी, युवा कार्यक्रम एवम् खेल मंत्रालय की ओर से प्रायोजित तीन शोध परियोजनाओं में भी मुख्य भूमिका रही है। अमेरिका, सिंगापुर, दुबई, पेरिस, लॉस एंजिल्स में रिसर्च पेपर प्रजेंट कर चुके हैं। एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 2,500 से अधिक राष्ट्रवादी लेखों का प्रकाशन हो चुका है। प्रो. डीपी मुखर्जी समाज वैज्ञानिक पुरस्कार, एनएसएस के सर्वोत्तम कार्यक्रम अधिकारी, बेस्ट सिटीजन अवार्ड, ग्लोबल गोल्डन अवार्ड से भी नवाजे जा चुके हैं।
