भगवान हर कीमत पर भक्तों का बढ़ाते हैं सम्मान: विष्णु कुमार

तीज-त्यौहार

संजय गुप्ता, लव इंडिया, संभल ।भगवान नरसिंह अवतार दिवस पर 108 दीपों की आरती करके तथा विचार गोष्ठी आयोजित करके भक्त और भगवान के गुणों का बखान किया गया।

नगर के पंजाबी मंदिर में हिंदू जागृति मंच के सदस्यों ने भगवान नरसिंह की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजन किया। 108 दीपों को प्रज्वलित कर सामूहिक आरती की। तत्पश्चात विचार गोष्ठी आयोजित की गई।

अपने विचार रखते हुए हिंदू जागृति मंच के सांस्कृतिक मंत्री विष्णु कुमार ने कहा कि भक्त और भगवान का ऐसा घनिष्ठ संबंध है कि भगवान को हर कीमत पर अपने भक्तों की रक्षा करनी होती है। भक्तों के द्वारा कही हुई बात को पूर्ण करना भगवान की जिम्मेदारी होती है।भगवान इस जिम्मेदारी का हर कीमत पर निर्वहन करते हैं।

उन्होंने भक्त प्रहलाद और हिरण्यकश्यप की कथा विस्तार से सुनाते हुए कहा कि भगवान विष्णु को अपने भक्त प्रहलाद की रक्षा करने के लिए और दुष्ट राक्षस राज हिरण्यकश्यप को सबक सिखाने के लिए भगवान नरसिंह (आधा मानव और आधा पशु) रूप धारण करना पड़ा। लेकिन प्रहलाद की रक्षा की और सम्मान भी बढ़ाया।

मंडल अध्यक्ष अनंत कुमार अग्रवाल ने भक्त और भगवान के अटूट संबंध का मनोहारी वर्णन करते हुए कहा कि भक्त और भगवान एक दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने हिरण्यकश्यप, प्रहलाद और नरसिंह भगवान की कहानी से यह शिक्षा लेने का आह्वान किया कि मानव यदि अपने को ईश्वर के सुपुर्द कर दे तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी परमेश्वर निभाते हैं।

सुभाष चंद्र शर्मा, श्याम शरण शर्मा, अमित कुमार शुक्ला, विकास कुमार वर्मा, सुबोध कुमार गुप्ता, शलभ रस्तोगी आदि ने गोष्ठी में अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि भगवान विष्णु के चतुर्थ अवतार भगवान नरसिंह के अवतार दिवस सभी को मंगलमय हो। उनकी कृपा सभी पर बरसती रहे। विचार गोष्ठी की अध्यक्षता अरुण कुमार अग्रवाल ने की तथा संचालन अजय गुप्ता सर्राफ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *