भीषण गर्मी में नागरिक सुरक्षा कटघर प्रभाग ने बांटा शीतलता का अमृत, जीआईसी चौक पर राहगीरों को मिली राहत

लव इंडिया, मुरादाबाद, 07 जून 2026। “सेवा ही हमारा संकल्प है” के संकल्प को साकार करते हुए नागरिक सुरक्षा कोर, कटघर प्रभाग ने प्रचंड ग्रीष्म एवं तपती धूप के बीच आज रविवार को दोपहर 1 बजे जीआईसी चौक पर जनसेवा कार्यक्रम के अंतर्गत शीतल शरबत वितरण अभियान चलाया।

प्रभागीय वार्डन मोहम्मद खालिद के कुशल नेतृत्व में सम्पन्न हुए इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम में उप प्रभागीय वार्डन कमल किशोर ,स्टाफ अधिकारी वसीम अख्तर ,एवं पोस्ट वार्डन संजय भटनागर,सहित प्रभाग की समस्त पोस्टों के वार्डनों ने पूर्ण मनोयोग एवं सेवाभाव से सहभागिता की।

ग्रीष्म की तपिश से व्याकुल जनमानस को राहत पहुंचाना ही इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य था। इसके अंतर्गत पथिकों, रिक्शा चालकों, दिहाड़ी श्रमिकों एवं समस्त नागरिकों को शीतल शरबत वितरित कर भीषण गर्मी से तत्क्षण राहत प्रदान की गई। नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डनों ने अपने सेवा, संवेदनशीलता एवं मानवता के प्रति अटूट समर्पण का परिचय दिया।

प्रभागीय वार्डन मोहम्मद खालिद ने कहा कि भीषण गर्मी में भी कटघर प्रभाग का प्रत्येक वार्डन जिस कर्तव्यपरायणता एवं अनुशासन के साथ जनसेवा में जुटा है, वह अत्यंत सराहनीय है। शीतल शरबत वितरण जैसे जनहितैषी कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।

उप प्रभागीय वार्डन कमल किशोर ने कहा कि वार्डनों का अथक परिश्रम एवं जनसेवा के प्रति निष्ठा समस्त समाज के लिए प्रेरणादायी है।

स्टाफ अधिकारी वसीम अख्तर ने सभी वार्डन साथियों की अनुकरणीय एकजुटता एवं सक्रिय सहभागिता हेतु आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि वार्डनों का सेवाभाव ही नागरिक सुरक्षा की सच्ची शक्ति है।

इस पुनीत अवसर पर परवेज़ ख़ान, अनामिका गुप्ता,इरफान कुरैशी, ग़ज़ाला सुल्ताना, शबाना परवीन, शबीना परवीन सहित अनेक वार्डन एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!