व्यापारियों के उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होगी शिवसेना, रेलवे की कार्रवाई के विरोध में बनाई संघर्ष की रणनीति

मुरादाबाद। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के आवास पर व्यापारियों की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों के उत्पीड़न, बढ़ती प्रशासनिक समस्याओं तथा रोडवेज बस स्टैंड के सामने रेलवे द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों को हटाने और नोटिस जारी किए जाने के मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई।

बैठक में व्यापारी नेता रतन भाटिया, नरेंद्र सिक्का सहित अन्य व्यापारियों ने रेलवे की कार्रवाई का विरोध करने का निर्णय लिया। उपस्थित व्यापारियों का कहना था कि वर्षों से व्यवसाय कर रहे व्यापारियों को बिना समुचित समाधान दिए हटाया जाना उचित नहीं है और इससे अनेक परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी।

बैठक में शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा और व्यापारी नेताओं ने व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए अधिकारियों से वार्ता करने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने की रणनीति तैयार की। व्यापारी सुरक्षा समिति के अध्यक्ष रतन भाटिया ने कहा कि शहर के विभिन्न व्यापारी एवं सामाजिक संगठनों से संवाद स्थापित कर व्यापक समर्थन जुटाया जाएगा, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराया जा सके।

बैठक में व्यापारियों से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया गया। साथ ही प्रशासन से मांग की गई कि व्यापारियों की आजीविका को प्रभावित करने वाले निर्णयों पर पुनर्विचार करते हुए सभी पक्षों से वार्ता कर उचित समाधान निकाला जाए।

बैठक में मुख्य रूप से वीरेंद्र अरोड़ा, कमल सिंह राव, रतन भाटिया, नरेंद्र सिक्का, शरद कपूर, अनुज सिंह, राजीव राठौर, प्रमोद रस्तोगी, गौरव रस्तोगी सहित अनेक व्यापारी नेता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!