मुरादाबाद की नई कमिश्नर संगीता सिंह ने संभाला चार्ज, बताईं प्राथमिकताएं

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल को साढ़े पांच साल बाद नया मंडलायुक्त मिल गया है। अलीगढ़ की मंडलायुक्त रहीं IAS संगीता सिंह ने सोमवार को मुरादाबाद मंडलायुक्त का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कमिश्नरी सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि मंडल के सभी जिलों – मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, बिजनौर और रामपुर में विकास कार्यों में तेजी लाना, लंबित जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

मंडलायुक्त का पदभार संभालने के बाद संगीता सिंह ने मंडल के प्रशासनिक कार्यों और प्रमुख विषयों की जानकारी ली। उनके मुरादाबाद आगमन के साथ ही मंडल प्रशासन को अनुभवी अधिकारी का नेतृत्व मिला है।अलीगढ़ की मंडलायुक्त रह चुकी हैं संगीता सिंहसंगीता सिंह इससे पहले अलीगढ़ की मंडलायुक्त के पद पर तैनात थीं। शासन स्तर पर हुए तबादलों के बाद उन्हें मुरादाबाद मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 16 जनवरी 2025 को उन्हें अलीगढ़ का मंडलायुक्त बनाया गया था।

संगीता सिंह वर्ष 2009 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्ष 2015 में आईएएस कैडर में पदोन्नत हुई थीं। अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। सुल्तानपुर की जिलाधिकारी से लेकर शासन तक निभाईं अहम जिम्मेदारियांसंगीता सिंह सुल्तानपुर की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं। इसके अलावा शासन में विशेष सचिव के पद पर भी तैनात रहीं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की नेशनल हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कॉरपोरेशन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्व निभाया है।लखनऊ में नेडा से जुड़े पद पर तैनाती के साथ ही उन्होंने स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग से संबंधित जिम्मेदारियां भी संभाली हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव में लखनऊ, प्रयागराज, सुल्तानपुर और अलीगढ़ समेत प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनाती शामिल रही है।

उल्लेखनीय है कि शासन ने 24 अगस्त की देर रात 17 IAS अधिकारियों के तबादले किए थे। इसमें मुरादाबाद के चर्चित कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें मूल कैडर सिक्किम वापस भेज दिया गया। आंजनेय सिंह 2005 बैच के सिक्किम कैडर के IAS हैं, जो 2015 में अंतर-कैडर प्रतिनियुक्ति पर यूपी आए थे। वह मार्च 2021 से मुरादाबाद के कमिश्नर थे और उन्हें 7 बार सेवा विस्तार मिला था। 14 अगस्त को 7वां एक्सटेंशन खत्म होने के बाद उन्हें 8वां एक्सटेंशन नहीं मिला। रामपुर में जिलाधिकारी रहते हुए आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामलों में कार्रवाई के कारण आंजनेय सिंह काफी चर्चा में रहे थे।

नई मंडलायुक्त संगीता सिंह के सामने अब जौहर यूनिवर्सिटी सहित मंडल के कई संवेदनशील मामलों को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।

error: Content is protected !!