पहली पत्नी कनाडा में, एनआरआई दूल्हे ने रचाई दूसरी शादी: दो करोड़ रुपये लेने का आरोप, सुहागरात से पहले खुला राज, विरोध पर दुष्कर्म और ससुर पर फायरिंग का मुकदमा दर्ज
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के एक परिवार ने आरोप लगाया है कि कनाडा में रह रही पहली पत्नी की जानकारी छिपाकर एनआरआई युवक ने उनकी बेटी से दूसरी शादी कर ली। शिकायत के अनुसार, शादी से पहले विश्वास में लेकर करीब दो करोड़ रुपये भी लिए गए।
औमानसिक स्थिति बिगड़ गई, इलाज मैक्स हॉस्पिटल, वैशाली में चल रहा
विदाई के बाद जब युवती को पति की पहली शादी की जानकारी मिली और उसने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया, तो उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। परिजनों का आरोप है कि इससे युवती की मानसिक स्थिति बिगड़ गई और उसका इलाज मैक्स हॉस्पिटल, वैशाली में चल रहा है।

ढाबे पर बुलाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग
यही नहीं, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे ट्रक ढाबे पर बुलाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इन आरोपों के आधार पर मूंढापांडे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर में क्या हैं आरोप
एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता हरभजन सिंह निवासी गांव सहरिया, थाना मूंढापांडे ने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह 15 अप्रैल 2022 को रामपुर जनपद के बिलासपुर निवासी गमनदीप सिंह से सिख रीति-रिवाज से हुआ था।
आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद विदाई के समय युवती को अन्य महिलाओं से पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी कनाडा में रहती है। जब युवती ने इस संबंध में पति से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि कनाडा में रहने के उद्देश्य से दूसरा विवाह किया गया है।
दो करोड़ रुपये लेने का भी आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी पक्ष ने विश्वास में लेकर करीब दो करोड़ रुपये भी लिए। बाद में आरोपी के पिता रणजीत सिंह ने कथित तौर पर रुपये वापस करने से इनकार करते हुए कहा कि रकम उनके कारोबार में लग चुकी है और न तो पैसे लौटाए जाएंगे और न ही बेटी को घर भेजा जाएगा।
दुष्कर्म और मानसिक स्थिति बिगड़ने का आरोप
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि पहली शादी की जानकारी मिलने के बाद युवती ने पति के साथ शारीरिक संबंध बनाने से मना कर दिया। इसके बावजूद उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। शिकायत के अनुसार लगातार उत्पीड़न के कारण युवती की मानसिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई और वर्तमान में उसका इलाज मैक्स हॉस्पिटल, वैशाली में चल रहा है।
रकम वापस मांगने पर फायरिंग का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 25 जून 2026 की रात करीब 11 बजे रुपये लौटाने के बहाने उसे गांव सहरिया स्थित एक ट्रक ढाबे पर बुलाया गया। वहां आरोपी रणजीत सिंह, गमनदीप सिंह, सोनू उर्फ लंगड़ा तथा दो अन्य व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ पहुंचे और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। शिकायतकर्ता ने ढाबे की दीवार की आड़ लेकर अपनी जान बचाई। फायरिंग से मौके पर दहशत फैल गई और आरोपी कार से फरार हो गए।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

मूंढापांडे थाना पुलिस ने एफआईआर संख्या 197/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 351(2), 109(1), 316(2), 82(1) और 85 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में गमनदीप सिंह, रणजीत सिंह, सोनू उर्फ लंगड़ा व दो अन्य अज्ञात हैं।
साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
