त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और 365.50 करोड़ की 63 विकास परियोजनाओं की मुरादाबाद को देंगे सौगात

लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 29 जून (सोमवार) को प्रस्तावित मुरादाबाद दौरा जिले के लिए विकास और गौरव दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री जहां बुद्धि विहार स्थित त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे, वहीं 365.50 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर मुरादाबाद शहर, देहात और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों को बड़ी सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के तहत 136.15 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 229.35 करोड़ रुपये की लागत वाली 37 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

तीन विधानसभा क्षेत्रों पर विकास का फोकस

मुख्यमंत्री के दौरे में सबसे अधिक लाभ मुरादाबाद नगर विधानसभा को मिलेगा, जहां 237.88 करोड़ रुपये की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। इनमें 84.06 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 153.82 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कुंदरकी विधानसभा को 105.74 करोड़ रुपये की 27 परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। इनमें 39.60 करोड़ रुपये की 9 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 66.14 करोड़ रुपये की 18 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

वहीं मुरादाबाद देहात विधानसभा क्षेत्र में 21.88 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं को हरी झंडी मिलेगी। इनमें 12.49 करोड़ रुपये की 4 परियोजनाओं का लोकार्पण और 9.39 करोड़ रुपये की 8 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, मंच व्यवस्था, जनसभा स्थल, पार्किंग, पेयजल, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जबकि अन्य अधिकारियों ने विकास परियोजनाओं से संबंधित तैयारियों की समीक्षा कर सभी कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

ऐतिहासिक बनाने की तैयारी

प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास कार्यों के साथ-साथ त्रिशूल युद्ध स्मारक के उद्घाटन के कारण भी ऐतिहासिक बने। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर सुरक्षा या प्रशासनिक व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। दूसरी तब भारतीय जनता पार्टी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 जून के दौरे को लेकर तैयारी को अंतिम रूप दिया।

error: Content is protected !!