एमआरपी नहीं, उत्पादन मूल्य भी हो अनिवार्य, केंद्र बनाए कानून: जयंत कथेरिया

लव इंडिया, संभल। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के राष्ट्रीय सचिव जयंत कथेरिया ने कहा कि वस्तुओं पर केवल अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) अंकित होना उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शिता नहीं है। केंद्र सरकार को ऐसा कानून बनाना चाहिए, जिससे प्रत्येक वस्तु पर उत्पादन मूल्य (Production Cost) भी अनिवार्य रूप से अंकित हो। इससे उपभोक्ता को वास्तविक लाभ मार्जिन की जानकारी मिलेगी और उसे ठगे जाने से बचाया जा सकेगा।

संभल के आलम सराय स्थित डी.के. रिसॉर्ट में आयोजित अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र अभ्यास वर्ग को संबोधित करते हुए जयंत कथेरिया ने कहा कि वर्तमान समय में संगठन का सबसे बड़ा अभियान वस्तुओं पर केवल एमआरपी के बजाय उत्पादन मूल्य भी अंकित कराने का है।

उन्होंने बताया कि 12 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन को ग्राहक पंचायत के आंदोलन का मील का पत्थर माना जा रहा है। इस विषय पर संगठन की केंद्र सरकार से लगातार वार्ता चल रही है। यदि सरकार ने सकारात्मक पहल नहीं की तो अगला बड़ा प्रदर्शन मुंबई में किया जाएगा।

संभल के विकास के लिए रेलवे लाइन विस्तार का मुद्दा उठेगा

जयंत कथेरिया ने कहा कि संभल का समुचित विकास रेलवे नेटवर्क के विस्तार के बिना संभव नहीं है। उन्होंने जिला इकाई के साथ केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर संभल में रेलवे लाइन विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया।

डिजिटल प्रवास और संगठन विस्तार पर मंथन

मेरठ प्रांत के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने प्रवास के विभिन्न स्वरूपों, उनके महत्व तथा प्रभावी प्रवास योजना की जानकारी दी। उन्होंने संगठन विस्तार में डिजिटल प्रवास की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया।

ब्रज प्रांत के अध्यक्ष विष्णु कुमार अग्रवाल ने कहा कि ग्राहक पंचायत का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है।

पूर्व संगठन मंत्री भूपेश त्यागी ने संगठन में कार्यकर्ता, कोष, कार्यालय और संगठनात्मक ढांचे की मजबूती पर विस्तार से प्रकाश डाला।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रांत अध्यक्ष विनोद नौटियाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री लाखन सिंह, प्रांत संगठन मंत्री नरेंद्र शर्मा, विधि आयाम प्रमुख विनीत भटनागर, प्रांत सचिव इंद्रभूषण कुलश्रेष्ठ, पीतांबर शर्मा, नवीन त्यागी, जिलाध्यक्ष देवेंद्र वार्ष्णेय (एडवोकेट), महावीर प्रसाद, सुधीर गर्ग, अभिषेक अग्रवाल, सोनू कुमार गुप्ता (एडवोकेट), पारस वार्ष्णेय (एडवोकेट), बृजेश यादव (एडवोकेट), चिराग गुप्ता, त्रिभुवन सर्राफ, जगत आर्य सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!