Muslim Federation के Roza Iftar में उलेमा ने बयान की 17 रमज़ान की फ़ज़ीलत

लव इंडिया, मुरादाबाद। मुरादाबाद में माहे रमज़ान के अवसर पर ऑल इंडिया मुस्लिम फेडरेशन की ओर से रोज़ा इफ्तार महफिल का आयोजन किया गया। जिगर कॉलोनी स्थित राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद आसिफ हसन के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोज़ेदारों और शहर के गणमान्य लोगों ने शिरकत की। इफ्तार से पहले आयोजित तक़रीरी महफिल में उलेमा-ए-किराम ने रमज़ान की 17वीं तारीख की अहमियत और जंग-ए-बद्र की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर रोशनी डाली।

17 रमज़ान की अहमियत पर डाला प्रकाश


तक़रीरी महफिल में उलेमा ने रमज़ान की 17वीं तारीख की फ़ज़ीलत पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस दिन इस्लामी इतिहास की महत्वपूर्ण घटना जंग-ए-बद्र पेश आई थी।
उलेमा ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने अपने 313 साथियों के साथ हक़ और इंसाफ़ के लिए यह जंग लड़ी और अल्लाह की मदद से उन्हें कामयाबी हासिल हुई। उन्होंने कहा कि यह घटना मुसलमानों को सब्र, हिम्मत और सच्चाई पर डटे रहने का संदेश देती है।

जंग-ए-बद्र से मिलती है सब्र और ईमान की सीख


मौलाना और वक्ताओं ने कहा कि जंग-ए-बद्र इस बात का सबूत है कि जीत केवल ताकत या बड़ी फौज से नहीं मिलती, बल्कि सच्चे ईमान, सच्चाई और अल्लाह की मदद से हासिल होती है।
उन्होंने बताया कि एक ओर पैगंबर-ए-इस्लाम के 313 साथी थे, जबकि दूसरी ओर विरोधियों की बड़ी और सुसज्जित सेना थी, लेकिन अल्लाह की मदद से मुसलमानों को विजय मिली।

अमन और भाईचारे का दिया पैगाम


ऑल इंडिया मुस्लिम फेडरेशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद आसिफ हसन ने अपने संबोधन में कहा कि इंसान को अपनी जिंदगी ईमानदारी और नेक अमल के साथ गुजारनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस्लाम अमन, भाईचारा और इंसानियत की सेवा का संदेश देता है और हर इंसान को चाहिए कि वह अपने आचरण से समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने का प्रयास करे।

मुल्क की सलामती के लिए की गई दुआ


कार्यक्रम के दौरान देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। दुआ के बाद सैकड़ों रोज़ेदारों ने सामूहिक रूप से रोज़ा इफ्तार किया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद


कार्यक्रम की अध्यक्षता मुस्लिम फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अब्दुल समद चौधरी ने की, जबकि संचालन साहिल शमसी ने किया।
इस मौके पर मुस्लिम फेडरेशन के मंडलीय अध्यक्ष अतीक अहमद, जिलाध्यक्ष मुजाहिद पठान, महानगर अध्यक्ष फिरोज खान, डॉ. मेराजुल हसन, सलीम अहमद एडवोकेट, राष्ट्रीय लोकदल के महानगर अध्यक्ष सैयद राशिद अली, शाहनवाज मलिक, जागरण बरखां, सैयद जुबेर अली एडवोकेट, इंजीनियर राशिद हुसैन, इकमान अली, असलम परवेज, मोहम्मद आरिफ समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

दिवंगत हस्तियों के लिए की गई मगफिरत की दुआ


इस अवसर पर मुस्लिम फेडरेशन के संस्थापक हाजी नसीम अहमद एडवोकेट, अख्तर अहमद खान, कौसर खान और अजीम इकबाल एडवोकेट की मगफिरत के लिए भी विशेष दुआ की गई।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!