गुलाब रिसोर्ट में शादी, 1.10 करोड़ खर्च फिर भी 50 लाख नकद और TDI सिटी में मकान की चाहत

वर्ष 2018 में हुआ था निकाह, दो बेटियों के जन्म के बाद भी नहीं बदले हालात जबकि अकीके में खर्च कराए लाखों, अब पिता के घर रह रही दोनों बेटियों के संग, वहां भी पीटा, हद से आगे बात बढ़ने पर पुलिस में दर्ज कराया पति समेत 11 लोगों पर मुकदमा

लव इंडिया,

मुरादाबाद। गालशहीद थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। चांद वाली मस्जिद कटार शहीद, गालशहीद निवासी राविया परवीन पत्नी मोहम्मद शुएब की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत 11 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

एफआईआर के अनुसार राविया परवीन का निकाह 31 अगस्त 2018 को मझोला थाना क्षेत्र के जयन्तीपुर रोड, करुला निवासी मोहम्मद शुएब पुत्र हाजी जाकिर हुसैन के साथ गुलाब रिजॉर्ट में मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। महिला का आरोप है कि उसके पिता ने निकाह में लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।

दो बेटियों के जन्म के बाद भी नहीं रुकी कथित मांग

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि विवाह के कुछ समय बाद से पति, सास, ससुर तथा अन्य परिजनों ने कम दहेज लाने के ताने देने शुरू कर दिए। बाद में 50 लाख रुपये नकद तथा टीडीआई सिटी में मकान दिलाने की मांग की जाने लगी।

महिला का कहना है कि दो बेटियों के जन्म के बाद भी कथित प्रताड़ना जारी रही। उसने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी बेटियों के अकीके में भी मायके पक्ष से लाखों रुपये खर्च कराए गए।

घर से निकालने का आरोप

एफआईआर के अनुसार 20 सितंबर 2025 को ससुराल पक्ष के कई लोग उसके कमरे में पहुंचे और कथित रूप से 50 लाख रुपये तथा टीडीआई सिटी में मकान की मांग दोहराई। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और दोनों बेटियों सहित घर से निकाल दिया गया।इसके बाद वह अपने मायके आकर रहने लगी।

मायके पहुंचकर मारपीट का आरोप

महिला ने आरोप लगाया है कि 21 मार्च 2026 की रात उसके पति और अन्य रिश्तेदार उसके मायके पहुंचे और उसके माता-पिता तथा परिजनों के सामने उसके साथ मारपीट की। साथ ही दहेज की मांग पूरी न होने तक साथ न रखने की बात कही गई।

इन लोगों को बनाया गया आरोपी

एफआईआर में निम्न लोगों को आरोपी बनाया गया है—

  1. मोहम्मद शुएब पुत्र हाजी जाकिर हुसैन
  2. नरगिस जहां पत्नी जाकिर हुसैन
  3. जाकिर हुसैन
  4. उजमा
  5. सिमरन
  6. इरम
  7. गुड्डी उर्फ मिसबाह
  8. मोहम्मद नाजिम
  9. राजू
  10. गुलशन जहां
  11. शाहजेब

एफआईआर में दर्ज पते के अनुसार अधिकांश आरोपी जयन्तीपुर रोड, करुला, थाना मझोला, मुरादाबाद तथा गालशहीद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 85, 115(2), 351(2), 352 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 एवं 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

जांच जारी

गालशहीद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!