शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस पर जिलेभर में कार्यक्रम, भगवा ध्वज और हिंदुत्व के संदेश के साथ लिया संकल्प
बाला साहेब ठाकरे के विचार घर-घर पहुंचाने का आह्वान, विभिन्न तहसीलों में हुए आयोजन
लव इंडिया मुरादाबाद। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुरादाबाद जिले की विभिन्न तहसीलों और महानगर क्षेत्र में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संस्थापक बाला साहेब ठाकरे को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा भगवा ध्वज को घर-घर लगाने का संकल्प लिया।

जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों के तहत ठाकुरद्वारा, बिलारी, कांठ और मुरादाबाद महानगर में अलग-अलग आयोजन किए गए। शिवसैनिकों ने संगठन की विचारधारा, हिंदुत्व, सामाजिक सेवा और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
ठाकुरद्वारा में हवन-पूजन कर लिया संकल्प
ठाकुरद्वारा तहसील में शिवसैनिकों ने हवन-पूजन का आयोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बाला साहेब ठाकरे के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बिलारी में पत्रकार सम्मान समारोह
बिलारी तहसील में शिवसेना की ओर से पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों को सम्मानित करते हुए लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज और राष्ट्र से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
महानगर में धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस
महानगर प्रमुख कमल सिंह राव के नेतृत्व में होटल ग्रैंड साइन में स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिवसैनिकों ने भाग लिया और संगठन की उपलब्धियों तथा भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई।

गरीबों की सेवा और हिंदुत्व को मजबूत करने का संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि शिवसेना हमेशा गरीब, कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य करती रही है। स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने हिंदुत्व को मजबूत करने, सामाजिक समरसता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
समारोह के दौरान “जय भवानी”, “जय शिवाजी”, “बाला साहेब ठाकरे अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य रूप से वीरेंद्र अरोड़ा, कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, आकाश सिंह, राजीव राठौर, जीतू प्रजापति, मयंक सैनी, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, पंकज पाल, तिलक राज शर्मा, कैलाश, राहुल, सुरेश सैनी, सौरव गुप्ता, नितेश, शरद चौहान सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनुज सिंह ने किया।
