‘बूथ जीतेगा तो चुनाव जीतेगा’, ठाकुरद्वारा में भाजपा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, चुनावी तैयारियों पर जोर

बीएस गार्डन में आयोजित सम्मेलन में चुनाव किट वितरित, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का दिया गया संदेश

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा। आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के ठाकुरद्वारा मंडल का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन बीएस गार्डन, ठाकुरद्वारा में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, प्रत्येक कार्यकर्ता तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हरजिंदर कौर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष आगामी चुनाव में पार्टी की जीत का आधार है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरे उत्साह के साथ जनता के बीच जाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना चाहिए।

इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष एवं डिलारी मंडल प्रभारी डॉ. यशवीर सिंह ने बूथ अध्यक्षों को रोजमर्रा के काम आने वाली सामग्री ( किट) वितरित करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान तथा ठाकुरद्वारा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनाव में ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


सम्मेलन में हरपाल सिंह सैनी, हरिओम सिंह, अमित वाल्मीकि, पवन शर्मा, कोशिश चौहान, चकित चौधरी सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन का संचालन आचार्य नरेंद्र कश्यप ने किया।

error: Content is protected !!