डीआरयूसीसी की बैठक में गूंजा यात्रियों की समस्याओं का मुद्दा
मुरादाबाद। डीआरयूसीसी की ऑनलाइन बैठक डीआरएम श्रीमती विनीता श्रीवास्तव एवं सीनियर डीसीएम श्री महेश यादव के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। बैठक में मुरादाबाद मंडल के यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं यात्री सुविधाओं को लेकर गंभीरता से चर्चा हुई।
डीआरयूसीसी सदस्य डॉ. पवन कुमार जैन ने अधिकारियों का ध्यान दिसंबर 2025 की बैठक में उठाई गई समस्याओं की ओर दिलाते हुए कहा कि उन पर अब तक की गई कार्रवाई एवं उत्तर की जानकारी सदस्यों को उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने 31 जुलाई को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं की रिपोर्ट डीआरएम एवं सीनियर डीसीएम को भेजे जाने का उल्लेख करते हुए उस पर हुई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी।
डॉ. जैन ने कहा कि प्लेटफॉर्म संख्या 4 एवं 5 पर यात्रियों के लिए शौचालय एवं बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है तथा कोच पोजीशन डिस्प्ले बोर्ड कई बार सही सूचना प्रदर्शित नहीं करते। उन्होंने सभी प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल चार्जिंग पॉइंट की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद मंडलीय मुख्यालय होने के बावजूद यहां वॉशिंग लाइन का अभाव है, जिसके कारण लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन नहीं हो पाता है। उन्होंने वॉशिंग लाइन का निर्माण कर मुरादाबाद से लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन शुरू करने की मांग की।
डॉ. जैन ने मुरादाबाद-रामपुर-बरेली के बीच पैसेंजर ट्रेन चलाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आम यात्रियों को बेहतर सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने ट्रेन संख्या 26503/26504 सहारनपुर-गोमती नगर वंदे भारत एक्सप्रेस का रामपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई।
सुरक्षा के दृष्टिगत उन्होंने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर लगेज स्कैनर लगाने की मांग की। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर ऑटो एवं अन्य वाहनों के अनियंत्रित खड़े रहने से यात्रियों को होने वाली परेशानी को जिला प्रशासन के समन्वय से दूर कराने की आवश्यकता भी बताई।

उन्होंने पूर्व निरीक्षण में सामने आई खान-पान की अव्यवस्थाओं, वेंडर्स की यूनिफॉर्म, दिशा-निर्देशन बोर्ड एवं सूचना पट्टिकाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। डॉ. जैन ने अधिकारियों से सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने तथा की गई कार्रवाई की जानकारी डीआरयूसीसी सदस्यों को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। बैठक में शरद प्रताप सिंह, अभिषेक शर्मा, डॉ. हरेंद्र कुमार गर्ग, भानु मित्र शर्मा सहित रेलवे मंडल की प्रमुख अधिकारी और डी आर यू सी सी सदस्य उपस्थित थे।
