ग्राम पंचायत डिडौरा में ग्राम चौपाल: तालाब, सफाई, जल निकासी और सड़क की मांगें उठीं


लव इंडिया, मुरादाबाद। विकास खंड मुरादाबाद की ग्राम पंचायत डिडौरा में जिलाधिकारी अनुज सिंह और मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की उपस्थिति में ग्राम चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में जहां विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।


जल निकासी और सड़कों की बदहाली बना मुख्य मुद्दा


चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में जगह-जगह जल निकासी की समस्या और खराब सड़कों की मरम्मत की मांग जोर-शोर से उठाई। कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति से लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं।
इसके अलावा तालाबों की शील्ट (गाद) सफाई कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि तालाबों की सफाई न होने से जल संरक्षण प्रभावित हो रहा है।


विद्युत और राशन से जुड़े मुद्दे भी उठे


चौपाल में विद्युत विभाग के सामने जर्जर तार हटाने और नए कनेक्शन देने का मुद्दा रखा गया। पूर्ति निरीक्षक द्वारा राशन कार्ड पात्रता की जानकारी दी गई, जिसमें 6 पात्र गृहस्थी परिवारों के आवेदन प्राप्त हुए।


आवास और किसान सम्मान निधि के लिए आवेदन


परियोजना निदेशक डीआरडीए ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के बारे में जानकारी दी। आवास प्लस सर्वे में पात्र पाए गए 13 लाभार्थियों के नाम पढ़कर सुनाए गए। वहीं 7 नए आवेदन आवास के लिए प्राप्त हुए।
उप निदेशक कृषि द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी दी गई, जिसके तहत 6 आवेदन प्राप्त हुए।


अधिकारियों को दिए गए निर्देश


जिलाधिकारी अनुज सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि चौपाल के बाद प्रत्येक शिकायत का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से पहुंचे।
मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने निर्देश दिया कि रोस्टर के अनुसार विभागीय कर्मचारी ग्राम पंचायतों में नियमित उपस्थिति दर्ज करें और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें।


ये अधिकारी रहे मौजूद


इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी गोविन्द बल्लभ पाठक, उपायुक्त (श्रम रोजगार) रामनाथ प्रसाद भगत, उपायुक्त (स्वतः रोजगार) के.एन. पाण्डेय, उप निदेशक कृषि संतोष द्विवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार शर्मा, पूर्ति निरीक्षक विशाखा, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेन्द्र कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सुनील दत्त सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!