गुरु गोविंद सिंह जी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सिख समाज का प्रदर्शन


लव इंडिया, मुरादाबाद। सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज एवं सिख समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में मुरादाबाद के सिख समुदाय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।


ज्ञापन में कहा गया कि 1 अगस्त 2026 को कानपुर निवासी अजय सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज एवं सिख समाज के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस मामले में 1 अगस्त को कानपुर में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक आरोपी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समाज में रोष व्याप्त है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी धर्मगुरु या धार्मिक भावनाओं का अपमान करने का साहस न कर सके। इस दौरान जसप्रीत सिंह खुराना, तेजिंदर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरमीत सिंह, स्वर्ण सिंह, जोगिंदर सिंह, अमरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह, परविंदर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!