यह सरकार चंदादाताओं का सम्मान करती है, अन्नदाता का नहीं: कांग्रेस
एमएसपी पर कानून बनाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली कूच पर निकले किसानों ने हरियाणा सीमा से सटे पंजाब के शंभू बार्डर पर मोर्चा लगा लिया है। किसान नेताओं ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार से बातचीत तक वे आगे नहीं बढ़ेंगे। आज किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के बीच चंडीगढ़ में तीसरी दौर की वार्ता आयोजित की जाएगी। किसानों ने बुधवार को दूसरे दिन भी जमकर उपद्रव किया, लेकिन हरियाणा ने अपनी सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया।
इस बीच, भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां ने पंजाब भर में गुरुवार को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक रेल ट्रैक जाम करने की घोषणा की है। कांग्रेस महासचिव(संचार) जयराम रमेश ने कहा, “किसान संगठनों ने जो भारत बंद का एलान किया है हम उसका समर्थन कर रहे हैं। कल सासाराम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी किसानों के साथ मुलाकात करेंगे। कांग्रेस नेता ने आगे कहा,”किसानों पर ड्रोन से आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। सड़कों में कीलें लगा दी गई हैं। जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किसानों के खिलाफ किया जा रहा है ये निंदनीय है। किसान देश और समाज की रीढ़ की हड्डी हैं वे अन्नदाता हैं। ये सरकार चंदादाताओं का सम्मान करती है अन्नदाता का नहीं।