साल 2022 का आखिरी चंद्र ग्रहण मंगलवार को, सभी 12 राशियों पर होगा सकारात्मक व नकारात्मक प्रभाव

India International Uttar Pradesh Uttarakhand टेक-नेट शिक्षा-जॉब

सूर्य ग्रहण के बाद अब साल 2022 का आखिरी चंद्र ग्रहण लगने वाला है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार चंद्र ग्रहण एक बड़ी खगोलीय घटना है और इसका सकारात्मक व नकारात्मक प्रभाव समस्त 12 राशियों पर देखने को मिलेगा। सूर्य ग्रहण की तरह ही चंद्र ग्रहण में सूतक काल लगता है। इस दौरान कोई भी पूजा-पाठ या शुभ कार्य करना वर्जित माना जाता है। ज्योतिर्विद संदीप कृष्ण उपाध्याय के माध्यम से जानेंगे कब लगेगा साल का आखिरी चंद्र ग्रहण, सूतक काल का समय और इससे जुड़ी तमाम महत्वपूर्ण जानकारी के बारे में।

साल 2022 का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण

साल 2022 का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण 08 नवंबर 2022 को लगेगा। यह चंद्र ग्रहण इस बार कार्तिक पूर्णिमा को पड़ रहा है। बता दें कि इस वर्ष का अंतिम सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर 2022 को पड़ा था। अक्टूबर और नवंबर माह में 15 दिन के अंदर दो ग्रहण पड़ रहे हैं जो दुनिया पर अशुभ प्रभाव डाल सकते हैं। ज्योतिषियों के अनुसार, 15 दिनों में पड़े दोनों ग्रहों का असर संसार पर पड़ना तय है। ऐसे में लोगों के बीच ये ग्रहण चिंता और चर्चा दोनों का ही विषय बन गए है। इस स्थिति में हर किसी के मन में शंका है कि देश व समाज को किसी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

चंद्र ग्रहण 2022: सूतक काल का समय

साल का आखिरी चंद्र ग्रहण कार्तिक पूर्णिमा के दिन यानी 8 नवंबर, 2022 मंगलवार को लगने जा रहा है। चंद्र ग्रहण की शुरूआत यानी स्पर्शकाल शाम 05 बजकर 32 मिनट पर होगी और इसका समापन शाम 07 बजकर 26 मिनट तक होगा। सूतक काल ग्रहण से ठीक 9 घंटे पहले शुरू हो जाएगा। कही कही ज्योतिषि 12 घंटे पहले भी सूतक मान्य करते है तो सभी पाठक अपने स्थान के लोक नीति अनुसार मान्य करे।

भारत में दिखेगा पूर्ण चंद्र ग्रहण

पंचांग के अनुसार, आगामी 08 नवंबर 2022 को पूर्ण चंद्र ग्रहण लगेगा जो भारत के कुछ राज्यों में दिखाई दे सकता है। इस दिन देव दिवाली का पर्व भी मनाया जाएगा लेकिन कई ज्योतिषी देव दीपावली का पर्व ग्रहण से एक दिन पहले मनाने की सलाह दे रहे हैं।

इन देशों में नजर आएगा चंद्र ग्रहण

साल का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण भारत के अलावा, ऑस्ट्रेलिया, अन्य एशियाई क्षेत्रों, उत्तर-पूर्वी यूरोप, उत्तरी अमेरिका, अधिकांश दक्षिण अमेरिका, प्रशांत महासागर, अटलांटिक महासागर, अंटार्कटिका और हिंद महासागर में भी नजर आ सकता है। दक्षिणी-पश्चिमी यूरोप और अफ्रीका महाद्वीप से ग्रहण दिखाई नहीं देगा।

चंद्र ग्रहण 2022: क्या करें और क्या न करें

  • चंद्र ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। ग्रहणकाल में आपको घर के अंदर ही रहना चाहिए।
  • नकारात्मक प्रभावों को दूर करने के लिए साधना और पवित्र मंत्रों का जाप कर सकती है।ऐसी मान्यता है कि इस दौरान किसी भी तरह की पूजा पाठ या अन्य शुभ कार्य नहीं करने चाहिए।लोगों का मानना है कि ग्रहण से पहले और बाद में स्नान करना लाभकारी होता है।
  • चंद्र ग्रहण के दौरान ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए।इस दौरान घर के बाहर नहीं निकलना चाहिए और बच्चों को भी बाहर खेलने के लिए नहीं जाने देना चाहिए।

साल 2022 का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण: राशि अनुसार प्रभाव

मेष- साल 2022 का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण मेष राशि के जातकों को मिले जुले परिणाम देगा। भाई-बहनों के बीच में प्यार बढ़ेगा। अपना स्वभाव विनम्र रखें और किसी भी प्रकार के गुस्से से दूर रहें। आप इस दौरान व्यवसाय के क्षेत्र में जोखिम भरे कार्यों को करने के लिए कदम उठा सकते हैं।

वृषभ– वृषभ राशि के जातक दृढ़ निश्चयी और शक्ति के प्रतीक माने जाते हैं। यह लोग स्वभाव से जिद्दी भी होते हैं लेकिन इस राशि के जातक एक बेहतरीन लीडर बनते हैं। चंद्र ग्रहण 2022 के प्रभाव की बात करें तो आर्थिक मामलों के लिए यह समय अनुकूल रहेगा। धन लाभ के आसार है लेकिन अप्रत्याशित खर्चे आपको परेशान कर सकते हैं। अधूरे कामों को पूरा करने में देरी होगी। वाणी पर नियंत्रण रखें। आपके खराब रवैये से आपके प्रियजन परेशान नज़र आ सकते हैं।

मिथुन-मिथुन राशि के जातक मनमोहक व्यक्तित्व, फुर्तीले व मनमौजी स्वभाव के लिए पहचाने जाते हैं। इस अवधि में आपको आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है जिसके चलते आप मानसिक रूप से परेशान हो सकते हैं। साथ ही इससे आपकी निजी जिंदगी पर भी असर पड़ सकता है। इसके अलावा आप कार्यस्थल पर पूरे मन व लगन से काम करेंगे, साथ ही काम में सकारात्मक बदलाव लाने में भी सक्षम होंगे।

कर्क-कर्क राशि के जातक महत्वाकांक्षी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के होते हैं। नवंबर 2022 में पड़ने वाले चंद्र ग्रहण के दौरान इस राशि के जातकों के जीवन में कई तरह के उतार-चढ़ाव आने की संभावना है। इस अवधि में आप खुद को जोश से भरा हुआ महसूस करेंगे जबकि कुछ जातकों की रुचि अध्यात्म की तरफ होगी। वहीं कुछ लोगों को अकेलापन महसूस हो सकता है लेकिन अगर आप अकेलेपन में भी खुश हैं तो चंद्र ग्रहण 2022 का आनंद ले सकते हैं। इस अवधि के दौरान आपको खुद पर ध्यान देने की जरूरत है क्योंकि कोई दुर्घटना या फिर शारीरिक और मानसिक समस्याएं होने की संभावना है।

सिंह-सिंह राशि के जातक तेज व मजबूत इरादा रखने वाले होते हैं। इस राशि के जातकों का मुख्य गुण होता है कि ये भरोसेमंद और शांत स्वभाव के होते हैं। चंद्र ग्रहण के प्रभाव के दौरान आपको कई तरह के तनाव व अप्रत्याशित समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। यह समस्याएं भाई-बहनों के बीच गलतफहमी के चलते पैदा हो सकती है। चंद्र ग्रहण के दौरान सकारात्मक सोच रखने वाले जातक अपनी ताकत का प्रदर्शन कर सकते हैं। संभावना है कि छोटा-मोटा आर्थिक नुकसान भी आपको उठाना पड़ सकता है।

कन्या– कन्या राशि के जातक दयावान और उदार स्वभाव के होते हैं। साल 2022 के दूसरे और अंतिम चंद्र ग्रहण के दौरान आप महसूस करेंगे कि धन और समृद्धि प्राप्त करने के अनेक अवसर आपको मिल सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपको समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आप अपने करियर को बेहतर बनाए रखने की कोशिश जारी रखेंगे लेकिन वरिष्ठों के साथ बहस व मतभेद होने की संभावना है।

तुला– तुला राशि के तहत पैदा हुए जातक आमतौर पर संतुलित और पुरानी विचारधारा के होते हैं। साल 2022 के दूसरे और अंतिम चंद्र ग्रहण के दौरान तुला राशि के जातक अपने भीतर कभी ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे तो कभी ऊर्जा की कमी। इस समय स्वास्थ्य को लेकर कोई भी रिस्क न लें वरना इसका प्रभाव आपके सेहत पर पड़ सकता है। यदि आप कही बाहर जाने की योजना बना रहे हैं तो स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतें। करियर प्लानिंग पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है, साथ ही करियर में नए-नए तरीके अपनाने होंगे।

वृश्चिक– वृश्चिक राशि के जातक जोश से भरपूर होते हैं। इनकी रुचि प्रति ध्यान और अध्यात्म की तरफ ज्यादा होती है। साल 2022 में दूसरे और अंतिम चंद्र ग्रहण के दौरान आप भावनात्मक उतार-चढ़ाव महसूस कर सकते हैं। ऐसे में, आपको चिंता और थकान का अनुभव हो सकता है। हालांकि, आप अपने जीवन को लेकर चिंतित होने से बचें।

धनु-धनु राशि के जातक नेकदिल, बहादुर और ईमानदार स्वभाव के होते हैं। अचानक से कुछ घटनाओं के घटित होने के कारण आप जीवन में कई बदलावों के साक्षी बन सकते हैं। आपको हर समय सक्रिय रहना जरूरी है। इसके साथ ही नए लोगों से मिलकर अपने सोशल नेटवर्क का विस्तार करें। साल 2022 में दूसरे और अंतिम चंद्र ग्रहण के दौरान साथी पर भरोसा करने से बचें।

मकर– साल 2022 के चंद्र ग्रहण के दौरान, भाई बहनों के बीच में मतभेद हो सकता है। वैवाहिक जीवन में चल रही अनबन के चलते आप पार्टनर के साथ खुलकर बातचीत नहीं कर पाएंगे। आप अपने दीर्घकालिक उद्देश्य को सोच-विचार कर तय करें। घरेलू और पेशेवर जीवन दोनों में ही आपको तनाव को कम करने की कोशिश करना चाहिए।

कुंभ– कुंभ राशि के जातक रचनात्मक और आधुनिक विचारधारा के होते हैं। साल 2022 का दूसरे व अंतिम चंद्र ग्रहण आपके लिए शुभ फल देने वाला हो सकता है। ऐसे में आपको अपने काम पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और अंदर छिपे हुनर को नई पहचान देनी चाहिए। आपको अपने परिजनों व विशेषकर बच्चों के साथ विनम्रता से पेश आना चाहिए। इस दौरान आपको स्वास्थ्य से संबंधित समस्या परेशान कर सकती है इसलिए सेहत का भरपूर ध्यान रखें।

मीन– मीन राशि के जातक आशावादी विचारधारा के होते हैं। साल 2022 में दूसरे और अंतिम चंद्र ग्रहण के दौरान अगर आपको किसी भी तरह की आर्थिक समस्या होती है तो इससे आपको काफी ज्यादा नुकसान हो सकता है। आप विचारों का आदान प्रदान सुचारू रूप से न कर पाने के चलते भ्रमित हो सकते हैं। किसी खास के करीब जाने के लिए आपको जरूरी कदम उठाने की आवश्यकता है। आपके परिवार के किसी सदस्य को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने की संभावना है। आपको जीवन सकारात्मक और विवेकशील सोच के साथ देखना चाहिए।

(आचार्य संदीप कृष्ण उपाध्याय, ज्योतिषाचार्य, संस्थापक’ श्रीखाटूश्याम ज्योतिषि सेवा केंद्र)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *