देश- प्रदेश की रात 10 बजे तक की खास खबरें सोने से पहले पढ़िए जरूर

सिंगापुर के पीएम लॉरेंस वोंग ने पीएम मोदी से की बैठक, अमेरिकी टैरिफ पर नहीं की चर्चा

सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और व्यापार, निवेश और आपूर्ति श्रृंखलाओं में विविधता और लचीलापन बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा की। सचिव (पूर्व) पी. कुमारन ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में हुई बैठक में 50 फीसदी अमेरिकी टैरिफ पर कोई चर्चा नहीं हुई। दोनों पक्षों ने व्यापक वैश्विक अनिश्चितता के संदर्भ में यथासंभव अधिक से अधिक मुक्त व्यापार समझौतों की संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित किया।

जीएसटी सुधार से अर्थव्यवस्था और होगी सरल : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जीएसटी सुधारों पर बयान देते हुए कहा कि भारत को वैश्विक स्तर पर उचित स्थान दिलाने के लिए समय के साथ सुधार आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि समय पर बदलाव के बिना हम देश को आज की वैश्विक स्थिति में उसका उचित स्थान नहीं दिला सकते। पीएम मोदी ने बताया कि इस बार 15 अगस्त को उन्होंने लाल किले से देशवासियों से वादा किया था कि दिवाली और छठ पूजा से पहले खुशियों की दोहरी बौछार होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब जीएसटी और भी सरल हो गया है और 22 सितंबर यानी नवरात्रि के पहले दिन अगली पीढ़ी का सुधार लागू होगा।

जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में बड़ा फैसला, 22 सितंबर से लागू होंगी नई दरें

नई दिल्ली। जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के वादे को पूरा करते हुए आम आदमी, किसान और छोटे उद्यमियों को बड़ी राहत दी है। अब जीएसटी की केवल दो दरें 5 फीसदी और 18 फीसदी होंगी। इस बदलाव से ब्रेड, पराठा, दूध, एसी और कार तक सस्ते हो जाएंगे। सबसे बड़ी राहत स्वास्थ्य बीमा और जीवन बीमा पर लगी 18 फीसदी जीएसटी को पूरी तरह समाप्त करने से मिली है। नई दरें छोटी कार, तिपहिया और 350 सीसी से कम क्षमता वाली बाइक पर अब 28 फीसदी की जगह केवल 18 फीसदी जीएसटी लगेगा। ट्रैक्टर और इसके टायर पर 5 फीसदी टैक्स लगेगा। 1500 सीसी इंजन या 4 मीटर से लंबी लग्जरी कारें, तंबाकू और सिगरेट जैसी वस्तुएं 40 फीसदी के नए स्लैब में रहेंगी। पान मसाला, गुटखा, सिगरेट, जर्दा और अन्य तंबाकू उत्पाद पर नई दरें लागू होंगी। नई जीएसटी दरें 22 सितंबर (नवरात्रि के पहले दिन) से लागू होंगी। सरकार के इस फैसले से होटलों में ठहरना सहित कई सेवाएँ भी सस्ती हो जाएंगी।

पुलिस ने बरामद किए 38 लाख कीमत के 209 मोबाइल, मालिकों को लौटाए फोन

सर्विलांस व स्वाट की संयुक्त टीमों ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से चोरी व गुम हुए मोबाइल फोनों को ट्रेस कर बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 209 स्मार्ट व अन्य फोन बरामद किए जिनकी कुल कीमत 38,10,955 रुपए आंकी गई है। आज पुलिस लाइन नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसपी क्राइम ममता कुरील की मौजूदगी में इन मोबाइल फोनों को उनके असली मालिकों को सौंपा गया। अपने खोए हुए फोन वापस पाकर लोगों ने अलीगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस पर एसपी क्राइम ममता कुरील ने बताया कि एसएसपी संजीव सुमन के निर्देश पर सर्विलांस व स्वाट टीम ने कार्रवाई की। बरामद मोबाइलों में 71 मल्टीमीडिया फोन सहित विभिन्न कंपनियों के 209 मोबाइल शामिल हैं। सभी मोबाइल CEIR पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए और उनके स्वामियों को सौंपे गए।

बाइक डिवाइडर से टकराई, दिल्ली के दो युवकों की हुई मौके पर मौत

थाना गभाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली के शालीमार निवासी शीटू पुत्र लालाराम अपने साथी टोनी के साथ बाइक से अलीगढ़ की ओर आ रहे थे। पचपेड़ा मोड़ के पास किसी वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गभाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अलीगढ़ में फार्मर रजिस्ट्री के नाम पर धोखाधड़ी पर शासन की सख्ती

अलीगढ़। सरकार द्वारा किसानों का डिजिटल डाटा तैयार करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य की जा रही है। जिले में विभिन्न माध्यमों से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य चल रहा है। किसानों ने शिकायत की है कि डाटा फीड करने के बाद कुछ लोग पहचान पत्र देने के नाम पर वसूली कर रहे हैं। जबकि ऑफलाइन मोड से किसी प्रकार का पहचान पत्र जारी नहीं किया जा सकता। शासन ने इस तरह की योजनाओं के नाम पर किसानों को ठगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पूर्व में अन्य जिलों में भी फार्मर रजिस्ट्री के दौरान पहचान पत्र जारी करने के मामले उजागर हो चुके हैं।

टप्पल में बाढ़ के पानी से दो युवकों का रेस्क्यू, पीएसी और गोताखोरों ने बचाई जान

टप्पल थाना क्षेत्र के पखोदाना इलाके में यमुना खादर में आई बाढ़ के पानी में दो युवक नहाने के लिए कूद गए, लेकिन अचानक बहाव तेज होने से दोनों डूबने लगे। सूचना मिलते ही 15 वाहिनी पीएसी और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और एक युवक को तुरंत सुरक्षित निकाल लिया। दूसरा युवक बहाव में फंस गया, जिसे वोट के जरिए गोताखोरों और पीएसी टीम ने बचाया। इस रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टीम की तत्परता और साहस साफ नजर आ रहा है। घटना में किसी तरह की चोट की सूचना नहीं है, और दोनों युवकों को सुरक्षित निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले पानी में न जाएँ।

गाजियाबाद-टूंडला रेलखंड पर पावर ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों का बदला रूट


गाजियाबाद-टूंडला रेलखंड पर 19 से 22 नवंबर तक ट्रैफिक पावर ब्लॉक कार्य होगा। इस दौरान अलीगढ़ और आसपास के यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कई प्रमुख एक्सप्रेस गाड़ियां अलीगढ़ स्टेशन से होकर नहीं गुजरेंगी। इनमें दिल्ली से कामाख्या, नई दिल्ली से कानपुर सेंट्रल, नई दिल्ली से सिलचर सहित कई ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा।

एडीए की नई मल्टी यूनिट बिल्डिंग परियोजना में किशनपुर में बनेंगे 16 अपार्टमेंट

अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) स्वर्ण जयंती नगर, किशनपुर में एक नई मल्टी यूनिट बिल्डिंग का निर्माण करने जा रहा है। इस परियोजना के तहत चार मंजिला इमारत में कुल 16 आवासीय अपार्टमेंट बनाए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक में तीन बेडरूम होंगे। यह परियोजना 990 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी। एडीए का उद्देश्य शहर में नई-नई योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित करना और खुद की आय बढ़ाना है। हाल ही में एडीए ने ईडब्ल्यूएस और एलआईजी श्रेणी के 172 आवासों को चिह्नित किया था और पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने की योजना बनाई थी। इस नई परियोजना का पंजीकरण जल्द ही शुरू किया जाएगा।

हथिनी कुंड से छोड़े गए पानी से यमुना उफान पर, टप्पल क्षेत्र में दिखा बाढ़ का संकट

अलीगढ़। हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी ने यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा दिया है। जिससे टप्पल क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हालात बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया और प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। महाराजगढ़, शेरपुर, घरबार, मालव, ऊटासनी और किशनगंज इन गांवों में हजारों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। जिससे किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं। खेतों में खड़ी धान व अन्य खरीफ की फसलें बर्बाद होने के कगार पर हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं।

अलीगढ़ में पीईटी परीक्षा 6 और 7 सितंबर को होगी आयोजित

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) छह और सात सितंबर को जिले में संपन्न होगी। परीक्षा 37 केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी में आयोजित की जाएगी, जिसमें 74,304 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी: पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक। परीक्षा केंद्र शहर से ग्रामीण अंचल तक बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक केंद्र पर 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, 10-10 सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व में रखे गए हैं।

सेंसेक्स 150 व निफ्टी 19 अंक पर हुआ बंद

हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 150.30 अंक की तेजी के साथ 80,718.01 अंक वहीं एनएसई निफ्टी 19.25 अंक ऊपर जाकर 24,715.05 अंक पर बंद हुआ।

सोने चांदी में तेजी के बाद आई नरमी

अलीगढ़ में गुरुवार सर्राफा बाजार में सोने की कीमत ऊंचाई से 1,000 रुपए लगभग टूटकर 1,06,400 दिन में कारोबार के समय सोना 1,06,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। दिन में निचले स्तर पर सोना गिरकर 1,05,800 रहा। वहीं चांदी दिन में कारोबार के समय 1,23,802 प्रति किलोग्राम रही। अपने निचले स्तर पर चांदी 1,23,721 रुपए प्रति किलोग्राम निचले स्तर पर चली गई।

यूपी में रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी, अलीगढ़ सहित आसपास के जिलों में बारिश की संभावना

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश में लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी यूपी में मॉनसून सक्रिय रहा और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भी बादल बरसे। मौसम विभाग ने 5 सितंबर को 40 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। कासगंज, अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के कारण खेती और जलस्तर पर असर पड़ सकता है। इसलिए नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!