मुरादाबाद: गोकुलदास हिन्दू गर्ल्स कॉलेज में नारी शक्ति सम्मान समारोह व स्वावलंबी मेला

लव इंडिया, मुरादाबाद। गोकुलदास हिन्दू गर्ल्स कॉलेज में सामुदायिक सेवा समिति की ओर से नारी शक्ति सम्मान समारोह एवं स्वावलंबी मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना तथा छात्राओं को स्वावलंबन के लिए प्रेरित करना रहा।

जहां नारी का सम्मान, वहीं देवताओं का वास होता है


कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या प्रोफेसर चारु मेहरोत्रा द्वारा मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का अत्यंत पूजनीय स्थान है और जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है।

सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी


उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को अपनी शक्ति का सही उपयोग करते हुए समाज को नारी सशक्तिकरण का वास्तविक अर्थ समझाना होगा। महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल अधिकार देना नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, कौशल, संसाधन और अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी कर सकें।

अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका


उन्होंने आगे कहा कि भारत जैसे देश में महिला सशक्तिकरण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह न केवल लैंगिक समानता को बढ़ावा देता है बल्कि समाज को अधिक समावेशी और समृद्ध बनाने में भी योगदान करता है। जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले संगठन महिलाओं को आगे बढ़ाने और उनके अधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संघर्षों और उपलब्धियों को साझा करते हुए छात्राओं को प्रेरित किया


इस अवसर पर प्राचार्या ने सुश्री अंजू टंडन, टीना महेश्वरी, इफत मेराज, सोनाक्षी सागर, मोना खन्ना, रजनी रस्तोगी, अंशु चंद्रा, सीमा ओझा एवं इरम को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सम्मानित अतिथियों ने अपने संघर्षों और उपलब्धियों को साझा करते हुए छात्राओं को प्रेरित किया।

आर्टिफिशियल ज्वैलरी जैसे उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की गई


कार्यक्रम के पश्चात आयोजित स्वावलंबी मेले में छात्राओं एवं महिलाओं द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जो आकर्षण का केंद्र बने। मेले में हैंडीक्राफ्ट, बैग, नमकीन, कुकीज़, पापड़, चिप्स, बिस्किट, कैंडल, सूट-साड़ी, शोपीस और आर्टिफिशियल ज्वैलरी जैसे उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की गई।


कार्यक्रम का संचालन संयोजिका प्रोफेसर सीमा गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मुख्य अनुशासिका प्रोफेसर किरण साहू सहित प्रोफेसर मीनाक्षी शर्मा, अनुराधा सिंह, किरण त्रिपाठी, अपर्णा जोशी, वंदना पांडे, एकता भाटिया तथा समस्त गोकुल परिवार उपस्थित रहा।

Hello world.

This is a sample box, with some sample content in it. this is an advertisement

error: Content is protected !!