आकाशीय बिजली पीड़ितों के बीच पहुंचे अनुसूचित जाति आयोग सदस्य उमेश कठेरिया, घायलों का जाना हाल; मृतकों के परिजनों को मिली ₹4-4 लाख की सहायता


लव इंडिया, मुरादाबाद । उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया ने बुधवार को मुरादाबाद दौरे के दौरान आकाशीय बिजली की घटना में प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने साईं अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चियों का कुशलक्षेम पूछा और बाद में मैनाठेर क्षेत्र पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।


इससे पहले आयोग सदस्य उमेश कठेरिया पंचायत भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद सर्किट हाउस में भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश भाजपा प्रांतीय परिषद सदस्य तथा शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष किशन लाल सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। दौरे के दौरान उमेश कठेरिया ने मिलन विहार स्थित वृद्धाश्रम का भी समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि मैनाठेर क्षेत्र के मिलक गांव के पास खेत में आकाशीय बिजली गिरने से विनीता लोधी और संतराम सैनी की मौत हो गई है, जबकि पूजा, कामिनी और सपना गंभीर रूप से घायल होकर मुरादाबाद के साईं अस्पताल में भर्ती हैं।


सूचना मिलते ही आयोग सदस्य उमेश कठेरिया सीधे साईं अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी लेने के साथ परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।


इसके बाद वह मैनाठेर पहुंचे, जहां नगर विधायक रितेश गुप्ता के साथ दोनों मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान विधायक रितेश गुप्ता ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर तत्काल चेक उपलब्ध करा दिए गए हैं।


आयोग सदस्य उमेश कठेरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से मिलने वाली सभी सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।

error: Content is protected !!