मुरादाबाद में 8 से 10 जून तक होगी यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा, 74 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल


मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर मुरादाबाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में 8 जून से 10 जून तक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 74,304 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

74 हजार से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे


जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरादाबाद में परीक्षा के लिए 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 12,384 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तीन दिनों तक चलने वाली परीक्षा में कुल छह पालियों के माध्यम से 74 हजार से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे।

प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सघन जांच की ताकि अनियमितता को रोका जा सके


परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस बल की तैनाती रहेगी। अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान सघन जांच की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।

यातायात व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधा को विशेष प्रबंध किए गए


प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विशेष प्रबंध भी किए हैं।

आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे परीक्षार्थी


गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़े स्तर पर सिपाही भर्ती अभियान चल रहा है, जिसके तहत लाखों अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। मुरादाबाद मंडल समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे।

प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की नहीं होगी अनुमति


प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं। प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

error: Content is protected !!