Mission International Academy में धूमधाम से मनाया गया teacher’s Day


संभल। मिशन इंटरनेशनल एकेडमी, चौधरी सराय, संभल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षकों के सम्मान के साथ-साथ शिक्षा, संस्कार, नैतिक मूल्यों तथा समाज निर्माण में शिक्षक की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य विल्सन राजन ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह उनके व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माण करता है। वर्तमान समय में बच्चों में नैतिक मूल्यों में आ रही कमी एक गंभीर विषय है। ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार, ईमानदारी, जिम्मेदारी, मानवीय संवेदनाओं और अच्छे आचरण का महत्व भी समझाना चाहिए।

उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में शिक्षक दिवस उनके जन्मदिवस के अवसर पर मनाया जाता है। डॉ. राधाकृष्णन महान दार्शनिक, शिक्षाविद् और भारत के पूर्व राष्ट्रपति थे। उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार माना। प्रधानाचार्य ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का जीवन आज भी प्रत्येक शिक्षक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी तैयार करें।

विद्यालय के मैनेजर मुशीर खान तरीन ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूल का प्रत्येक शिक्षक प्रबंधन के लिए अमूल्य है। शिक्षक आने वाली सोसायटी के दरोगर एवं निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान के साथ-साथ उनके विचारों, संस्कारों और व्यक्तित्व को भी आकार देते हैं। समाज में शिक्षकों को जितना सम्मान मिलना चाहिए, उतना शायद किसी अन्य पेशे को नहीं मिल सकता, क्योंकि शिक्षक ही आने वाली पीढ़ियों की नींव तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी देश का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करता है और शिक्षा व्यवस्था की सफलता में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यालय के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की।

विद्यालय की डायरेक्टर शबाना कौसर ने अपने संबोधन में कहा कि वह विद्यालय से इसकी शुरुआत से ही जुड़ी हुई हैं और उन्हें प्रत्येक वर्ष अपने शिक्षकों से कुछ नया सीखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्वयं भी निरंतर सीखते रहते हैं और अपने अनुभव एवं ज्ञान को विद्यार्थियों तक पहुंचाते हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षक हर वर्ष अपने विद्यार्थियों को कुछ नया और बेहतर सिखाने का प्रयास करते हैं। एक अच्छे शिक्षक की पहचान केवल इस बात से नहीं होती कि वह कितनी अच्छी तरह पाठ पढ़ाता है, बल्कि इस बात से होती है कि वह अपने विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए कितना सक्षम बनाता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की।

विद्यालय के एडवाइजर डॉ. हमज़ा तरीन ने अपने संबोधन में सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज का आईना होते हैं। शिक्षक वर्तमान पीढ़ी को दिशा देने के साथ-साथ आने वाली कई पीढ़ियों को सुधारने और बेहतर बनाने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का प्रभाव केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता। शिक्षक द्वारा दिए गए संस्कार और मूल्य विद्यार्थी अपने जीवन में अपनाते हैं और आगे चलकर वही मूल्य परिवार एवं समाज तक पहुंचते हैं। इसलिए शिक्षक राष्ट्र और समाज के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की खूब-खूब मुबारकबाद पेश की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों के योगदान, समर्पण और मेहनत की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बदलते सामाजिक परिवेश के दौर में बच्चों को नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ना शिक्षकों के सामने एक बड़ी जिम्मेदारी है।

शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, बेहतर चरित्र निर्माण तथा उन्हें एक जिम्मेदार, संवेदनशील एवं जागरूक नागरिक बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
अंत में कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिक्षक दिवस के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि शिक्षक केवल पाठ नहीं पढ़ाता, बल्कि व्यक्तित्व गढ़ता है, संस्कार देता है और समाज एवं राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करता है।
अंत में स्कूल प्रबंधन की तरफ से स्कूल के शिक्षकों को सम्मान के तौर पर गिफ्ट , टाइटल ओर गुलाब से सम्मानित किया ।

error: Content is protected !!