हरियाणवी डांसर सपना चौधरी केस में फिर टली सुनवाई, जज के अवकाश पर होने से 8 अक्टूबर को अगली तारीख

सपना चौधरी केस में फिर टली सुनवाई, 8 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई

लव इंडिया, मुरादाबाद। हरियाणवी डांसर सपना चौधरी से जुड़े वर्ष 2019 के मुरादाबाद रेलवे स्टेडियम कार्यक्रम के मामले में गुरुवार को प्रस्तावित सुनवाई एक बार फिर टल गई। अदालत में जज साहब के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले में अगली सुनवाई 8 अक्टूबर 2026 को होगी।

ज्ञात हो कि 11 जून 2019 को मुरादाबाद के रेलवे स्टेडियम में सपना चौधरी का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ जुटने और व्यवस्था बिगड़ने को लेकर विवाद सामने आया था। वादी पक्ष का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक/अश्लील नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद भीड़ उत्तेजित होकर बेकाबू हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।

वादी पक्ष ने कार्यक्रम के दौरान देर रात तक डीजे बजने, यातायात प्रभावित होने तथा सरकारी धन के कथित दुरुपयोग सहित अन्य आरोप भी लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर कार्रवाई की मांग करते हुए गायत्री नगर निवासी निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने थाना सिविल लाइन और एसएसपी मुरादाबाद को प्रार्थना पत्र दिए थे।

वादी के अनुसार, पुलिस स्तर से कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अपने अधिवक्ता वैभव अग्रवाल के माध्यम से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, मुरादाबाद की अदालत में वाद दायर किया। मामले की सुनवाई वर्तमान में एसीजेएम कोर्ट संख्या-2 में चल रही है।

वादी पक्ष के मुताबिक पिछली तारीख पर अदालत ने पुलिस से मामले की विस्तृत और पूर्ण आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। वादी का कहना है कि अभी तक थाना सिविल लाइन की ओर से वह आख्या अदालत में प्रस्तुत नहीं की गई है।

डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने बताया कि गुरुवार को मामले में सुनवाई होनी थी, लेकिन न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब अगली तारीख 8 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

error: Content is protected !!