रेलवे का बड़ा अपडेट: कई ट्रेनों का बदला मार्ग, कुछ हुईं लेट; शहीद एक्सप्रेस को मिला नया ठहराव

लव इंडिया मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने के लिए पिलखुआ-हापुड़-कुचेसर रोड रेलखंड पर ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग (ABS) और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य शुरू किया है। इसके चलते कई ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, कुछ ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है, जबकि जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस को एक नए स्टेशन पर नियमित ठहराव की सुविधा दी गई है।

मुरादाबाद और बरेली रूट से नहीं गुजरेंगी कई ट्रेनें

रेलवे के अनुसार न्यू जलपाईगुड़ी-उधना एक्सप्रेस, लखनऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस, सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस और आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल जैसी कई ट्रेनों को गाजियाबाद, कानपुर सेंट्रल और लखनऊ मार्ग से चलाया जाएगा। इन ट्रेनों का बरेली, मुरादाबाद, हापुड़, हरदोई और अन्य स्टेशनों पर अस्थायी रूप से ठहराव नहीं रहेगा।

वहीं काठगोदाम-दिल्ली एक्सप्रेस तथा नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस को भी परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा, जिसके कारण अमरोहा, गजरौला, पिलखुआ और हापुड़ जैसे स्टेशनों पर इनका ठहराव प्रभावित रहेगा।

कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, क्योंकि कई ट्रेनों को पुनर्निर्धारित किया गया है।

लालकुआं-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को 60 मिनट विलंब से चलाया जाएगा, जबकि आनंद विहार-लखनऊ एक्सप्रेस, आनंद विहार-लालकुआं एक्सप्रेस और आनंद विहार-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस को 90 से 120 मिनट तक पुनर्निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा आनंद विहार-रक्सौल एक्सप्रेस, नई दिल्ली-कासगंज एक्सप्रेस तथा गाजियाबाद-मुरादाबाद मेमू के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है।

यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा, शुरू होगा आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम

रेलवे अधिकारियों के अनुसार पिलखुआ-कुचेसर रोड रेलखंड पर ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली लागू होने के बाद ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, तेज और समयबद्ध होगा। इससे भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही क्षमता बढ़ेगी और रेल यातायात का बेहतर प्रबंधन संभव हो सकेगा।

शहीद एक्सप्रेस को मिला नया ठहराव

यात्रियों के लिए राहत भरी खबर यह है कि गाड़ी संख्या 14673/14674 जयनगर-अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस को पूर्वोत्तर रेलवे के जरवल रोड (JLD) स्टेशन पर नियमित ठहराव की सुविधा प्रदान कर दी गई है।

रेलवे के अनुसार 17 जून 2026 से जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस रात 10:40 बजे से 10:42 बजे तक तथा 16 जून 2026 से अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस सुबह 7:54 बजे से 7:56 बजे तक जरवल रोड स्टेशन पर रुकेगी। इससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे पूछताछ सेवा, रेल वन (Rail One) ऐप, एनटीईएस (NTES) अथवा संबंधित स्टेशन से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

error: Content is protected !!