बिजली कटौती के खिलाफ शिवसेना का हल्ला बोल, पीतल नगरी बिजलीघर पर धरना देकर अधिकारियों का किया घेराव

लव इंडिया मुरादाबाद। पीतल नगरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती, हाई वोल्टेज और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर शिवसेना ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शिवसेना महानगर उप प्रमुख राजीव राठौर के नेतृत्व में शिवसैनिकों ने पीतल नगरी बिजलीघर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और अधिकारियों का घेराव कर आम जनता की समस्याओं का समाधान कराने की मांग उठाई।


शिवसैनिकों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने, बार-बार कटौती होने तथा हाई व लो वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं किया जा रहा है।


जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिकों ने कहा कि आम जनता को राहत दिलाने के लिए शिवसेना लगातार संघर्ष करेगी। उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल बिजली कटौती रोकने, वोल्टेज संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान शिवसैनिकों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजीव राठौर, जीतू प्रजापति, प्रमोद, जितेंद्र पासी, नितिन, धर्मपाल, राजपाल, विनोद, नितेश, हरि सिंह सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

error: Content is protected !!