मेरठ कांड, अयोध्या दानपात्र चोरी और राशन व्यवस्था को लेकर वामपंथी मोर्चे का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
लव इंडिया, मुरादाबाद। वामपंथी मोर्चा (सीपीआई, सीपीआई (माले) और सीपीआई (एम)) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में मेरठ की घटना, अयोध्या में कथित दानपात्र चोरी प्रकरण तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) में प्रस्तावित संशोधनों के विरोध सहित विभिन्न मुद्दों को उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने मेरठ की घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, दलितों, अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही अयोध्या में दानपात्र चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

वामपंथी मोर्चा ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों का विरोध करते हुए कहा कि राशन कार्ड धारकों को वर्तमान व्यवस्था के अनुसार पूरा खाद्यान्न मिलता रहना चाहिए और गरीबों के हितों को प्रभावित करने वाले किसी भी संशोधन को वापस लिया जाए।
प्रदर्शन में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव थान सिंह, भाकपा (माले) के जिला सचिव रोहताश राजपूत, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव रामकिशोर रस्तोगी सहित चंद्र पाल सिंह आजाद, विक्रम सिंह, महिपाल सिंह, श्याम लाल, बोके यादव, शरीफ अहमद एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
