2027 में सपा का जनाधार और सिमटेगा, कांवड़ यात्रा को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क: प्रभारी मंत्री अनिल कुमार
लव इंडिया, मुरादाबाद, 13 जुलाई 2026। मुरादाबाद के पंचायत भवन सभागार में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की मासिक बैठक एवं कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि रुहेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष रामवीर सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। सम्मेलन में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री अनिल कुमार का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का जनाधार और सिकुड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा-रालोद गठबंधन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और आम जनता से लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की।
कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यात्रा को लेकर पूरी तरह सजग और वचनबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि धार्मिक यात्रा के दौरान किसी भी कांवड़िए को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाएं हर स्तर पर सुनिश्चित की जाएं।
रुहेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष रामवीर सिंह ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
