Gokuldas Hindu Girls College: लेमनग्रास, अमरूद, शीशम अर्जुन ,जामुन ,गुटेल आदि के पौधे रोपित किए
लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित 35 करोड़ वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आज गोकुलदास हिन्दू गर्ल्स कॉलेज, मुरादाबाद के द्वारा महाविद्यालय तथा खाद्य सुरक्षा विभाग कटघर में पर्यावरण समिति, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई एवं रोवर्स रेंजर्स के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण किया गया।
इस पौधारोपण का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा छात्राओं एवं समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. चारू मेहरोत्रा के द्वारा पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर बोतल ब्रश, लेमनग्रास, अमरूद, शीशम अर्जुन ,जामुन ,गुटेल आदि के पौधे रोपित किए गए।

अपने संबोधन में प्राचार्या प्रो. चारू मेहरोत्रा ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के सच्चे जीवनदाता हैं। वृक्षों से हमें स्वच्छ वायु, शुद्ध ऑक्सीजन, औषधियाँ, छाया तथा प्राकृतिक संतुलन प्राप्त होता है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण देना है, तो वृक्षारोपण को केवल एक अभियान न मानकर जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर पर्यावरण समिति की प्रोफेसर किरण त्रिपाठी, प्रोफेसर एकता भाटिया, प्रोफेसर इंदू सिंह राजपूत, डॉ. प्रेमलता कश्यप, डॉ सीमा मलिक, डॉ. रेनू शर्मा , डॉ सीमा रानी तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता अग्रवाल, डॉ. शिवानी गुप्ता ने भी पौधारोपण कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। छात्राओं ने भी उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की उपप्राचार्या प्रो. किरण साहू, प्रो. मीनाक्षी शर्मा सहित महाविद्यालय की अन्य शिक्षिकाएँ भी उपस्थित रहीं और सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में छात्राओं शिवानी, लायबा नूर, इफरा नूर एवं फायजा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
