अखिलेश यादव की रिहाई के बाद खत्म हुआ मुरादाबाद में सपा का धरना, सवा घंटे तक जामा मस्जिद चौराहे पर सड़क पर डटे रहे कार्यकर्ता

उमेश लव लव इंडिया, मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलते ही मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव के नेतृत्व में जामा मस्जिद के बाहर सड़क पर धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

धरने के दौरान सपा नेताओं ने हिरासत की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक कुमार रणविजय सिंह और नगर मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।

धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और पूर्व विधायक हाजी यूसुफ अंसारी ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि धरना तभी समाप्त होगा, जब अखिलेश यादव को बिना शर्त रिहा किया जाएगा।

इस दौरान प्रशासन की ओर से ज्ञापन लेकर धरना समाप्त करने का आग्रह किया जाता रहा, लेकिन सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। लगभग सवा घंटे तक चले धरने के बीच दिल्ली से अखिलेश यादव की रिहाई की सूचना मिली। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए धरना समाप्त करने की घोषणा की और अपना ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दिया।

धरना-प्रदर्शन में सलाउद्दीन मंसूरी, सरताज आलम, अथर अंसारी, हाजी सरताज अंसारी, सुहैब पाशा, जुबैद असद, फिरासत हुसैन गामा, शाहिद गामा सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!