‘लाइनपार नहीं, अब दाऊ दयाल नगर कहिए श्रीमान जी’, मुख्यमंत्री योगी का बड़ा ऐलान; गुरु जंभेश्वर कॉरिडोर बनाने की भी घोषणा

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद दौरे के दौरान शहर को कई बड़ी सौगातें देते हुए विकास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण ऐलान किए। बुद्धि विहार स्थित उड़ीसा महोत्सव पार्क में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मुरादाबाद का ‘लाइनपार’ क्षेत्र ‘दाऊ दयाल नगर’ के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने गुरु जंभेश्वर तीर्थ क्षेत्र के लिए भव्य कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि उस महान व्यक्तित्व को सम्मान देने का प्रयास है, जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मंच से कहा, “अब लाइनपार नहीं, दाऊ दयाल नगर कहिए श्रीमान जी।” मुख्यमंत्री के इस ऐलान पर जनसभा में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

365 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान लगभग 365 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार मुरादाबाद को आधुनिक, स्वच्छ और विकसित शहर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

महापौर और नगर निगम की जमकर सराहना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद नगर निगम की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल की योजनाओं को शहर के विकास की नई पहचान बताया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम ने केवल सड़कें और भवन ही नहीं बनाए, बल्कि संविधान पार्क, हनुमान वाटिका, राम वाटिका और ‘त्रिशूल – भारतीय रक्षा संग्रहालय’ जैसे प्रेरणादायी स्थलों का निर्माण कर शहर को नई दिशा दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे स्थलों से नई पीढ़ी को संविधान, राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और शहीदों के बलिदान की प्रेरणा मिलेगी।

गुरु जंभेश्वर कॉरिडोर से मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री ने गुरु जंभेश्वर तीर्थ क्षेत्र को विकसित करने के लिए कॉरिडोर निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे यह धार्मिक स्थल देश और दुनिया के श्रद्धालुओं से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा।

उन्होंने कहा कि कॉरिडोर बनने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी और पीतल नगरी मुरादाबाद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

जनप्रतिनिधियों की सराहना, जनता से की अपील

मुख्यमंत्री ने नगर विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह तथा महापौर विनोद अग्रवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इनके सहयोग से मुरादाबाद में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने जनता से अपील की कि आगामी चुनावों में मुरादाबाद देहात, बिलारी, कांठ और ठाकुरद्वारा में भी डबल इंजन सरकार के जनप्रतिनिधियों को चुनें, ताकि पूरे जिले में विकास की रफ्तार और तेज हो सके।

विकास और विरासत दोनों पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक विकास के साथ-साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण पर भी समान रूप से कार्य कर रही है। मुरादाबाद में घोषित नई परियोजनाएं इसी सोच का हिस्सा हैं, जिनसे शहर का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

error: Content is protected !!