बच्ची के प्रसव के बाद रक्तस्राव से जच्चा की मौत, झोलाछाप संचालक कुर्बान अली क्लीनिक पर ताला लगाकर फरार
लव इंडिया, मुरादाबाद। भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव टांडा मदन स्थित बिना नाम के निजी क्लीनिक में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने क्लीनिक में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतका जाकरी पत्नी जमशेद (उम्र लगभग 40 वर्ष) निवासी ग्राम भोला नगला, थाना टांडा, जनपद रामपुर को सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन इलाज के लिए भगतपुर क्षेत्र के टांडा मदन गांव स्थित एक निजी क्लीनिक में लेकर पहुंचे थे। यहां महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के कुछ समय बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। उनका कहना है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण महिला की मौत हो गई।
परिजनों ने क्लीनिक संचालक कुर्बान अली पर लापरवाही का आरोप लगाया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन क्लीनिक पहुंच गए तथा हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि हंगामे के दौरान क्लीनिक संचालक कुर्बान अली क्लीनिक पर ताला लगाकर फरार हो गया।

सूचना पर भगतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त शिकायत के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
