झारखंडी मंदिर के पुरोहित की बेटी की लव स्टोरी: शादी से सौतन और दहेज उत्पीड़न तक

लव इंडिया, मुरादाबाद। झारखंडी मंदिर के पुरोहित की बेटी द्वारा प्रेम विवाह के बाद दहेज उत्पीड़न, मारपीट और पति के दूसरी महिला के साथ रहने के आरोपों का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। एसएसपी मुरादाबाद के आदेश पर थाना नागफनी में पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता शम्मी गोसाई ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने शैलेन्द्र कुमार सिंह से प्रेम विवाह किया था। बाद में वर्ष 2014 में दोनों परिवारों की सहमति से सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह भी संपन्न कराया गया।

महिला का आरोप है कि शादी के बाद से पति, सास, ससुर और अन्य परिजनों ने दहेज में 10 लाख रुपये की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया। बेटी के जन्म के बाद उत्पीड़न और बढ़ गया तथा 9 अगस्त 2024 को उन्हें और उनकी बेटी को घर से निकाल दिया गया।

एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि पति पहले एक अन्य महिला के साथ रहा और वर्तमान में ‘मिनी’ नाम की महिला के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि 20 जून 2026 को जब वह पति के घर पहुंचीं तो दूसरी महिला को वहां पाया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर थाना नागफनी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। एफआईआर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

error: Content is protected !!