रिलायंस रिटेल ने टिमिट के तीन विद्यार्थियों को दिया रोजगार


बीबीए के अंशुल जैन, नीतीश कुमार और स्पर्श गुप्ता का रिलायंस रिटेल लिमिटेड में चयन, संस्थान में खुशी का माहौल

लव इंडिया, मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (टिमिट) के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। देश की अग्रणी रिटेल कंपनी रिलायंस रिटेल लिमिटेड ने टिमिट के बीबीए अंतिम वर्ष के तीन विद्यार्थियों अंशुल जैन, नीतीश कुमार और स्पर्श गुप्ता का चयन रिटेल ट्रेनी एसोसिएट पद के लिए किया है।


रिलायंस रिटेल द्वारा आयोजित रिक्रूटमेंट ड्राइव में विद्यार्थियों को कंपनी की कार्यप्रणाली और नौकरी से संबंधित जानकारी दी गई। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरण आयोजित किए गए। तीन चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया के बाद अंशुल जैन, नीतीश कुमार और स्पर्श गुप्ता को अंतिम रूप से चयनित किया गया।


इस अवसर पर फैकल्टी ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के डीन प्रो. (डॉ.) विपिन जैन ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि रिलायंस जैसी वैश्विक प्रतिष्ठा वाली कंपनी में नौकरी प्राप्त करना संस्थान और विद्यार्थियों दोनों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि टिमिट विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक कौशल भी प्रदान करता है, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं।


कॉरपोरेट रिसोर्स सेंटर के डायरेक्टर अरुण कुमार और डिप्टी डायरेक्टर आकाश भटनागर ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और चयन प्रक्रिया में सहयोग के लिए रिलायंस रिटेल के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टिमिट अपने विद्यार्थियों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करता है, जिसके परिणामस्वरूप देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में लगातार उत्कृष्ट प्लेसमेंट मिल रहे हैं।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर टिमिट परिवार, फैकल्टी सदस्यों और सहपाठियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

error: Content is protected !!