गैस रिफिलिंग, राशन और पेट्रोल पंपों पर घटतौली के खिलाफ भाकियू (संविधान) का प्रदर्शन

लव इंडिया, मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन (संविधान) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मंडल अध्यक्ष ठाकुर मंजु राठौर के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध गैस रिफिलिंग, राशन वितरण में कथित अनियमितताओं तथा पेट्रोल पंपों पर घटतौली के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि लाइनपार स्थित श्रीराम कॉलोनी में जागेश नामक व्यक्ति पिछले कई वर्षों से कथित रूप से अवैध गैस रिफिलिंग का कार्य कर रहा है। संगठन का दावा है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।


भाकियू (संविधान) के मंडल अध्यक्ष ठाकुर मंजु राठौर ने आरोप लगाया कि पूर्ति निरीक्षक सत्यजीत और संबंधित पुलिस अधिकारियों की कथित मिलीभगत के कारण लाइनपार क्षेत्र में कई स्थानों पर गैस रिफिलिंग का अवैध कारोबार चल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राशन डीलर और कुछ पेट्रोल पंप संचालक खुलेआम घटतौली कर उपभोक्ताओं को नुकसान पहुंचा रहे हैं।


संगठन ने मांग की है कि गैस रिफिलिंग, राशन वितरण और पेट्रोल पंपों पर कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। भाकियू (संविधान) ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन शुरू करेगा।


ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार कश्यप, जिला अध्यक्ष शंकर सिंह कश्यप, महानगर अध्यक्ष ओमकार प्रजापति, महिला जिला अध्यक्ष किरन ठाकुर, युवा जिला अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, धर्मेंद्र कश्यप, हर्षित प्रजापति, आंचल कश्यप, राहुल सागर, अजय सैनी और अर्जुन सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!