मुरादाबाद में भी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों को मिले प्रतीकात्मक कार्ड और छात्रों को डीबीटी का लाभ

लव इंडिया मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ बुधवार को वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुरादाबाद के पंचायत भवन सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड और विद्यार्थियों को डीबीटी योजना के अंतर्गत प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर मुरादाबाद में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल को शिक्षकों के हित में ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य एवं सम्मान की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना लागू होने के बाद अब शिक्षकों और उनके परिवारों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। सरकार उनके उपचार की व्यवस्था को और अधिक सुलभ एवं पारदर्शी बना रही है। साथ ही डीबीटी प्रणाली के माध्यम से यूनिफॉर्म, स्टेशनरी सहित अन्य लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाने की व्यवस्था सरकार की पारदर्शी कार्यशैली को दर्शाती है।
कैबिनेट मंत्री ने शिक्षकों से बच्चों के बेहतर भविष्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पूरी निष्ठा से निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में शिक्षकों के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह चौहान, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडुला, जिला मंत्री राजन विश्नोई तथा नवीन चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की और योजना का स्वागत किया।
इस अवसर पर जनपद के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 10-10 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए गए।वहीं, लगभग एक दर्जन विद्यार्थियों को डीबीटी योजना के तहत प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए।


कार्यक्रम के साथ-साथ जनपद की सदर, कांठ, बिलारी और ठाकुरद्वारा तहसीलों में भी इसी प्रकार के आयोजन किए गए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की उपस्थिति में शिक्षा विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच शिक्षकों के वेतन खाते एवं अन्य वित्तीय सेवाओं को लेकर भविष्य के सहयोग हेतु एमओयू भी किया गया।अंत में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए योजना को शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।


जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक शिवलाल, आयुक्त उद्योग योगेश सचान, डीसी मनरेगा, एडी बेसिक दिनेश यादव, डीआईओएस रितु तोमर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह, एडीआईओएस शतानंद शर्मा, वित्त एवं लेखाधिकारी राकेश चंद्र मौर्य, बीईओ त्रिलोकी नाथ गंगवार, राजेश चतुर्वेदी, मोहित कुमार, जिला समन्वयक शिवानी, अखिलेश सागर, डॉ. तारा सिंह, हर्षवर्धन कपिल, शिवम शुक्ला, चिरंजीव ठाकुर एवं निखिल गुप्ता सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरनंदन प्रसाद ने किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!