शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा की समीक्षा बैठक, संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर
मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी ने आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर कांठ रोड स्थित क्लिफटन बैंक्वेट हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की सक्रियता और अधिकाधिक समर्थन सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा शिक्षकों के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से चुनाव में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायक हाजी यूसुफ अंसारी, नजीबाबाद विधायक तस्लीम अहमद, जिला महासचिव फुरकान अली, सलीम अख्तर, वसीम कुरैशी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे और चुनाव को लेकर आवश्यक सुझाव दिए।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में संगठन की मजबूती के साथ कार्य करते हुए पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने का संकल्प लिया। बैठक में पार्टी के सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व महानगर अध्यक्ष, जिला एवं महानगर पदाधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, पार्षद, नगर अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
