एलएलबी छात्रों के हित में निषाद पार्टी का प्रदर्शन, पुनः परीक्षा और फीस वापसी की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

लव इंडिया मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध लॉ कॉलेजों के एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम पर सवाल उठाते हुए निषाद पार्टी ने छात्रों के हित में आवाज बुलंद की है। पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की पुनः परीक्षा कराने तथा द्वितीय सेमेस्टर की जमा कराई गई फीस वापस दिलाने की मांग की।


ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध 26 लॉ कॉलेजों के कुल 2,989 विद्यार्थियों ने एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा दी थी, लेकिन उनमें से केवल 85 छात्र ही सफल घोषित किए गए। इसी प्रकार बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम में 907 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से केवल 44 छात्र ही उत्तीर्ण हुए। इतना ही नहीं, छह कॉलेज ऐसे भी बताए गए हैं, जहां एक भी छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो सका। प्रतिनिधिमंडल ने दावा किया कि कुल परीक्षा परिणाम लगभग 2.5 प्रतिशत रहा, जिससे छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है।


निषाद पार्टी के नेताओं का आरोप है कि संबंधित कॉलेजों ने छात्रों से कॉलेज फीस, प्रैक्टिकल फीस और परीक्षा शुल्क के नाम पर हजारों रुपये वसूले। इसके बावजूद परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले ही छात्रों से द्वितीय सेमेस्टर की फीस भी जमा करा ली गई। उनका कहना है कि इतने खराब परीक्षा परिणाम के बाद छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।


प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की पुनः परीक्षा कराई जाए। यदि ऐसा संभव नहीं है तो प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में छात्रों से वसूली गई फीस वापस कराई जाए, ताकि आर्थिक रूप से परेशान छात्रों को राहत मिल सके।


डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो निषाद पार्टी छात्रों के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विश्वविद्यालय और प्रशासन की होगी।


ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष महिपाल कश्यप, क्षेत्रीय अध्यक्ष राजीव कश्यप, राजेश कश्यप, वीर बहादुर कश्यप, ओमकार प्रजापति, अजय सैनी, डॉ. राजकुमार कश्यप, विक्की कश्यप, अर्जुन सैनी और धर्मेंद्र कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!