महापौर के घर के पास ही साल भर जलभराव, बड़े भाई बोले-“बिना बारिश के भी सड़क पर भरा रहता है पानी”
लव इंडिया, मुरादाबाद। शहर में जलभराव की समस्या का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कटघर थाना क्षेत्र के प्रभात मार्केट में, जहां मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल का आवास है, वहीं पास में रहने वाले उनके बड़े भाई महेश कुमार अग्रवाल ने क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताई है।
महेश कुमार अग्रवाल का कहना है कि पिछले लगभग एक वर्ष से बिना बारिश के भी उनके घर के सामने मुख्य सड़क पर पानी भरा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।उनका आरोप है कि इस समस्या से नगर निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन हर बार नाला निर्माण का आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार जलभराव से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है, आवागमन प्रभावित होता है और मच्छरों के पनपने से बीमारी फैलने का भी खतरा बना रहता है।अब लोगों की मांग है कि नगर निगम जल्द से जल्द नाला निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कर इस समस्या का स्थायी समाधान करे।
