पाकबड़ा चेयरमैन ने अपनी टीम के साथ किया पौधारोपण, दिया हरियाली का संदेश
पाकबड़ा, मुरादाबाद: नगर पंचायत पाकबड़ा के चेयरमैन हाजी मोहम्मद याकूब ने अपनी टीम के साथ नगर क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर छायादार व फलदार पौधे लगाए गए।
चेयरमैन हाजी मोहम्मद याकूब ने कहा कि, “पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण को संतुलित रखने और आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा देने के लिए हर नागरिक को कम से कम एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। नगर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाना हम सब की जिम्मेदारी है।”
पौधारोपण अभियान के तहत नीम, जामुन और अशोक आदि के पौधे लगाए गए। चेयरमैन ने नगर पंचायत कर्मियों व स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खुद पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे लगाए गए पौधों की सुरक्षा करें और अपने घर-आंगन में भी पौधे लगाएं। नगर पंचायत की ओर से समय-समय पर पौधारोपण अभियान चलाकर पाकबड़ा को हरा-भरा बनाया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत के सभासदगण, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण में सहयोग का वादा किया।
