काम के बजाय दारू में मगन रहने वाले उप राजस्व निरीक्षक को दी गई अनिवार्य सेवानिवृत्ति

Uttarakhand अपराध-अपराधी

लव इंडिया, रुद्रप्रयाग। राजकीय कार्यों में लापरवाही बरतने और उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं करने पर राजस्व उप निरीक्षक घिमतोली को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्व उप निरीक्षक घिमतोली बचन लाल के अनिवार्य सेवानिवृत्ति के आदेश जारी किए क्योंकि यह साहब काम में कम और दारू में ज्यादा मगन रहते थे।

लंबे अरसे से मिल रही थी शिकायतें

लंबे समय से राजस्व उप निरीक्षक घिमतोली बचन लाल के खिलाफ जिला प्रशासन को विभिन्न शिकायतें प्राप्त हो रही थी, जिसपर कार्रवाई करते हुए उनपर जांच बिठाई गई थी। जांच में पाया गया कि राजस्व उप निरीक्षक घिमतोली बचन लाल पीएम किसान पेंशनरों का सत्यापन आदि कार्य समय पर नहीं कर रहे। वहीं निर्वाचन संबंधी कई कार्य भी समय से पूरे नहीं किए गए हैं। उच्च अधिकारियों के कई आदेशों का समय पर पालन नहीं किए जाने की बात भी समाने आई।

कई बार चेतावनी लेकिन नहीं किया सुधार

बार- बार सुधार के अवसर दिए जाने के बाद भी कार्यशैली में सुधार नहीं आने पर तहसीलदार द्वारा तैयार रिपोर्ट को आधार बनाकर जिलाधिकारी ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्व उप निरीक्षक घिमतोली बचन लाल को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ज़न हित से जुड़े मुद्दों और राजकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये था पूरा मामला

दरअसल, बृहस्पतिवार सुबह राजस्व उप निरीक्षक चोपता शराब के नशे में धुत्त होकर चोपता बाजार में सड़क पर लुढ़के हुए मिले। देखते ही देखते पटवारी की लुढ़कने वाली तस्वीरें वायरल भी होने लगी। वहीं पटवारी के दिन दहाड़े शराब के नशे में धुत होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे मे आ गई है। यह मामला रुद्रप्रयाग तहसील के राजस्व क्षेत्र चोपता का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *