भगवान श्री कल्कि विष्णु का संभल में अवतार होने से यहां का इतिहास और भविष्य भी स्वर्णिम: अजय शर्मा

Uttar Pradesh टेक-नेट तीज-त्यौहार तेरी-मेरी कहानी नारी सशक्तिकरण युवा-राजनीति शिक्षा-जॉब

लव इंडिया, संभल। भारतीय इतिहास संकलन समिति के सदस्यों ने इतिहास दिवस कार्यक्रम आयोजित करके संभल के इतिहास और भविष्य दोनों को स्वर्णिम बताया और संभल के आध्यात्मिक, सामाजिक, आर्थिक, औद्योगिक विकास के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।

गुप्ता होटल में भारतीय इतिहास संकलन समिति के द्वारा इतिहास दिवस आयोजित किया गया। जिसमें सर्वप्रथम सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा तथा भारतीय इतिहास संकलन समिति के उपाध्यक्ष मनीष चौधरी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया और पुष्पार्चन किया।

जिला कोषाध्यक्ष पंकज सांख्यधर ने कहा कि भारत का गर्व और गौरव, यश और वैभव पाठ्यक्रमों में सम्मिलित किया जाए। इस उद्देश्य के साथ निरंतर सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक जागृति हेतु समर्पित भारतीय इतिहास संकलन समिति के द्वारा प्रतिवर्ष इतिहास दिवस का आयोजन अपने आप में महत्वपूर्ण विषय है।

जिला महिला प्रमुख मीनू रस्तोगी ने कहा कि भारतीय इतिहास संकलन समिति अपने लक्ष्य प्राप्ति में सफलता के अत्यधिक निकट है। सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंडरी एजुकेशन में आमूल चूल परिवर्तन के पश्चात अब प्रत्येक प्रांत के शिक्षा बोर्ड में, उनके पाठ्यक्रमों में भारत और भारतीयता का ज्ञान देने वाला तथा संस्कृतिक शिक्षा देने वाला पाठ्यक्रम लागू कराया जा रहा है।

उन्होंने माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती गुलाब देवी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माध्यमिक शिक्षा में चंद्रयान 3 की सफलता का यश गान पाठ्यक्रमों में पढ़ाया जाएगा ऐसी घोषणा और कार्य स्वागत करने योग्य है।

भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने कहा कि संभल पृथ्वीराज चौहान की राजधानी रहा। यहां से विश्व प्रसिद्ध सूफी संतों ने अपनी कीर्ति पताका संपूर्ण देश और विदेश में फहराई। देव निर्मित 68 तीर्थ 19 कूप यहां की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर हैं। भगवान श्री कल्कि विष्णु का अवतार संभल में होने से संभल का केवल इतिहास ही नहीं बल्कि भविष्य भी स्वर्णिम है। अर्थात संभल का प्रत्येक युग का अपना इतिहास है। यहां का भविष्य भी इतना स्वर्णिम है कि भगवान श्री कल्कि अवतार के पश्चात संपूर्ण ब्रह्मांड और सृष्टि का संचालन संभल सरकार के द्वारा ही किया जाना तय है। ऐसे में हम संभल वासियों को अपनी धरोहर व इतिहास पर गर्व और गौरव है। यहां के सुंदर भविष्य निर्माण के प्रति हमें जागरूक और सक्रिय रहना चाहिए।

उन्होंने भारतीय इतिहास संकलन समिति के अपने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संभल के नव निर्माण, अच्छी व्यवस्था, शांति और सामाजिकता के लिए समर्पित रहकर अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।

इतिहास दिवस कार्यक्रम को सफल बनाते हुए अरुण कुमार अग्रवाल, सुभाष चंद्र मोंगिया, आशा गुप्ता, विकास कुमार वर्मा, भारत मिश्रा, अतुल कुमार शर्मा, वैभव गुप्ता, मनीष चौधरी, शेखर सक्सेना, अत्यंत त्यागी, डॉक्टर सुरजीत कौशिक, अशोक कुमार गर्ग, संतोष कुमार गुप्ता, रोहित गुप्ता, अमित शुक्ला आदि ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने की और संचालन जिला सह मंत्री सुबोध कुमार गुप्ता ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *