अडाणी ग्रुप का टेंडर हुआ निरस्त, जिले में अब दूसरी कंपनी लगाएगी स्मार्ट मीटर

Uncategorized

अडाणी कंपनी का मीटर लगाने का टेंडर निरस्त होने के बाद अब जिले में दूसरी कंपनी के द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। दूसरी कंपनी के लिए टेंडर निकाला गया है। टेंडर होने के बाद जिले में अब मीटर लगाने का काम शुरू किया जाएगा। वहीं अभी तक शहर में 56 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।

लव इंडिया, बरेली। बिजली चोरी रोकने के लिए शासन के निर्देश पर कई साल पहले प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू किया गया था, लेकिन मीटरों में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद इस पर रोक लगा दी गई। इससे पहले 22 मार्च 2020 तक जिले में करीब 56 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके थे। स्मार्ट मीटर पर लगी रोक हटने के बाद मीटर लगाने को लेकर फिर से पहल शुरू की गई। फरवरी माह से स्मार्ट मीटर लगाने का काम अडाणी ग्रुप को करना था। मगर अचानक से अडाणी ग्रुप की कंपनी को झटका लगने के बाद उसका टेंडर निरस्त कर दिया गया।

शहर में डेढ़ लाख मीटर लगेंगे और एक मीटर पर 10 हजार रुपये का खर्च आएगा। इस तरह यह प्रोजेक्ट करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये का होगा। वहीं अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि शहर में अडाणी समूह की कंपनी को स्मार्ट मीटर लगाने थे। लेकिन मुख्यालय से टेंडर का निरस्त कर दिया गया है। अब नई कंपनी के लिए टेंडर निकाला गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्मार्ट मीटर लगाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *