सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात नहीं हो पाई, जल्द ही मिलकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता देंगे: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

India Uttar Pradesh Uttarakhand तेरी-मेरी कहानी युवा-राजनीति

बृजलाल खाबरी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

लव इंडिया, मेरठ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी शुक्रवार को मेरठ पहुंचे। यहां बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कई जगह कहा कि, देश की आर्थिक मंदी और देश के अंदर जिस तरह के माहौल हैं यह किसकी देन है। कांग्रेस के हाथ में जब देश था तो उस समय हम अमेरिका की बराबरी पर थे, लेकिन आज हम नेपाल से भी नीचे हैं। आज जीडीपी में हमारा भारत नेपाल से भी नीचे है। जब कांग्रेस की सरकार थी तो हम अमेरिका के बराबर पर खड़े थे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से हमारी बात नहीं हो पाई है। हम जल्द ही मिलकर उन्हें भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता देंगे। सभी को साथ जोड़ना बहुत बड़ी चुनौती है, लेकिन भारत जोड़ो यात्रा इसको आसान करेगी। उन्होंने अपील की कि तीन जनवरी 2023 को लोनी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश में ताकत के साथ हमारे नेता राहुल गांधी के साथ सभी खड़े हों। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान रुककर सभी नेताओं से मिलेंगे और समस्याओं के बारे में जानेंगे।

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि शहरी निकाय चुनाव आरक्षण के मामले में माननीय हाईकोर्ट ने सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। बिना ट्रिपल टेस्ट कराए, बिना आयोग बनाए, बिना ओबीसी को चिन्हित कर आरक्षण दिए चुनाव नहीं हो सकता और चुनाव समय पर कराना है। अब सरकार फंस गई है। खाबरी ने कहा, सरकार चाहती थी कि उन्हें समय मिल जाए क्योंकि शहरों में काम नहीं किया। सड़कें टूटी हैं, पानी की लाइन नहीं है। जो काम होने चाहिए थे, पूरे नहीं हुए। जनता के बीच जाएंगे तो जनता जवाब मांगेगी।

इसलिए सरकार समय चाहती थी। उन्होंने कहा कि सरकार से सब नाराज हैं। सामान्य वर्ग भी नाराज है। उसे मनाने के लिए सब खेल खेले जा रहे हैं।राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि सबको निमंत्रण भेजा है। जो नहीं आ पा रहे हैं उनकी अलग व्यथाएं हैं।खाबरी ने कहा कि उन्होंने कहा जो पार्टी देश और प्रदेश में सत्ता में है, वह देश को खत्म करना चाहती है। आज लोकतंत्र और संविधान खतरे में जा रहा है। आने वाली पीढ़ियों को क्या जवाब देंगे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष बृजलाल खाबरी के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग चेयरमैन आलोक प्रसाद पासी, अनुसूचित जाति सेंट्रल जोन चेयरमैन तनुज पुनिया ने भी तीन जनवरी को उत्तर प्रदेश के लोनी गाजियाबाद में प्रवेश कर रही भारत जोड़ो यात्रा में ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को आने के लिए निवेदन किया। प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि तीन जनवरी के लिए जोर शोर से तैयारी की जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा तीन जनवरी से पांच जनवरी तक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, बागपत, शामली में रहेगी और उसके बाद हरियाणा के लिए प्रस्थान करेगी।

उत्तर प्रदेश में यात्रा के दौरान आम जन के साथ मुलाकात करेंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों, किसान संगठनों, व्यापारियों, महिला हितों से जुड़ी संस्थानों, वंचितों से जुड़े संगठनों, समाज सेवियों से भी राहुल गांधी मुलाकात करेंगे। प्रदेश भर से लाखों लोग पदयात्रा में शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ेगी। बस, गाड़ियों और ट्रैक्टर ट्राली से मेरठ से दस हजार लोग पदयात्रा में शामिल होंगे।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, शहर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, प्रदेश महासचिव बदरुद्दीन कुरैशी, प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी, प्रदेश सचिव मेरठ प्रभारी नसीम खान, प्रदेश सचिव कामेश रत्न, जिला प्रवक्ता हरकिशन वर्मा, नवनीत नागर, सलीम खान, यूसुफ कुरेशी, मंजीत कोछड़, अजय दामोदर शर्मा, राजेश्वर, यशपाल सिंह, विनोद मोघा, रोहताश भैया, सपना सोम, कुलदीप शर्मा, अनिल शर्मा, रंजन शर्मा, राजकेशरी, संजय कटारिया, रविंद्र सिंह, सरदार परविंदर सिंह ईशु आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *