ऑपरेशन ‘Cy-Vajra’: APK फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने वाले झारखंड के तीन साइबर ठग मुरादाबाद में गिरफ्तार
लव इंडिया, मुरादाबाद। मुरादाबाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘Cy-Vajra’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, एसएमएस और अन्य डिजिटल माध्यमों से APK (Android Package Kit) फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल फोन हैक करते थे और बैंक खातों से रुपये निकाल लेते थे।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह के अनुसार के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू अंसारी (36 वर्ष), निवासी फतेहपुर, जामताड़ा, रफीक अंसारी (28 वर्ष) तथा करीम अंसारी (22 वर्ष), निवासी मसलिया, जिला दुमका (झारखंड) के रूप में हुई है।
ऐसे करते थे ठगी
बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, कूरियर, सरकारी योजना या अन्य आवश्यक सेवाओं के नाम पर लोगों को APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भेजते थे। जैसे ही पीड़ित फाइल इंस्टॉल करता था, आरोपी उसके मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लेते थे। इसके बाद बैंकिंग ऐप, यूपीआई, ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारी का दुरुपयोग कर खाते से रकम निकाल लेते थे।

PhonePe और Google Pay के नाम पर भी जाल
पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी PhonePe, Google Pay और अन्य डिजिटल भुगतान सेवाओं के नाम पर फर्जी कैशबैक, रिवॉर्ड पॉइंट, गिफ्ट वाउचर और “Receive Money” या “Claim Cashback” जैसे लिंक भेजते थे। लिंक पर क्लिक कराने या यूपीआई पिन दर्ज कराने के बाद लोगों के खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
फर्जी गेमिंग और निवेश ऐप से भी ठगी
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी गेमिंग ऐप, टास्क आधारित कमाई, निवेश, बोनस और रिचार्ज ऑफर के नाम पर वेबसाइट और मोबाइल ऐप संचालित करते थे। शुरुआत में पीड़ितों को थोड़ा लाभ दिखाकर भरोसा जीतते और बाद में अधिक रकम जमा कराने के बाद निकासी रोक देते थे।
फर्जी कस्टमर केयर नंबर का भी इस्तेमाल
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गूगल सर्च पर बैंक, ई-वॉलेट और अन्य कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कराते थे। जब कोई व्यक्ति इन नंबरों पर संपर्क करता तो खुद को बैंक अधिकारी बताकर APK फाइल डाउनलोड करवाते और मोबाइल हैक कर लेते थे।
16 साइबर अपराध दर्ज, 60-70 लाख की ठगी का आरोप

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में एनसीआरपी पोर्टल पर 16 साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में इनसे करीब 60 से 70 लाख रुपये की साइबर ठगी करने की जानकारी सामने आई है।
बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन4 पेन ड्राइव23 एक्टिव सिम10 एटीएम/स्मार्ट कार्ड11 आधार कार्ड7 पैन कार्ड10 नए सिम कार्ड (एयरटेल व जियो)₹25,000 नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के मोबाइल, बैंक खाते, यूपीआई आईडी, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
