दहेज की मांग पूरी न हुई तो तेरी हत्या कर सोनू की दूसरी शादी कर देंगे…
“नौ साल पहले दोनों के प्रेम संबंध के बाद परिजनों की रजामंदी से हुई थी शादी, बाद में दहेज की मांग को लेकर कई बार मारने की कोशिश की गई, अब दर्ज कराई एफआईआर“
लव इंडिया, मुरादाबाद। प्रेम संबंध के बाद परिजनों की सहमति से हुई शादी के करीब नौ वर्ष बाद एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर लगातार प्रताड़ित करने, जान से मारने की धमकी देने और कई बार हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले में थाना नागफनी पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति और ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा

एफआईआर के अनुसार पीड़िता का आरोप है कि करीब नौ वर्ष पहले उसकी और सोनू सैनी की प्रेम विवाह परिजनों की सहमति से हुई थी। विवाह के बाद शुरुआती समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति और ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
सोनू की दूसरी शादी कर देंगे, जिससे ज्यादा दहेज मिलेगा
महिला का कहना है कि उसकी 7 वर्षीय बेटी एंजल और डेढ़ वर्षीय बेटे माधव के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति और अन्य परिजन अक्सर उसे धमकी देते थे कि “अगर हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो तेरी हत्या कर देंगे और सोनू की दूसरी शादी कर देंगे, जिससे ज्यादा दहेज मिलेगा।”
‘कई बार हत्या की कोशिश की गई’
एफआईआर में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति सोनू सैनी कई बार चाकू से उसकी हत्या करने की कोशिश कर चुका है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह अपने मायके में रहने को मजबूर हो गई।
महिला ने पुलिस से शिकायत में कहा है कि लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना के चलते उसकी जान को खतरा है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में निम्न लोगों को नामजद किया गया है। इसमें सोनू सैनी (पति), ब्रह्मपाल, विनेश्वती, करण और पूजा सभी आरोपी बनाए गए हैं। सभी थाना नागफनी क्षेत्र के बंगला गांव के निवासी बताए गए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
