A-One चिकन हैदराबादी मुरादाबादी रेस्टोरेंट पर खाद्य विभाग की कार्रवाई: चिकन बिरयानी का नमूना लिया


मुरादाबाद। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को कांठ रोड स्थित हरथला क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां मिलने पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया, जबकि चिकन बिरयानी का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।


सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के नेतृत्व में चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान ‘चिकन हैदराबादी मुरादाबादी’ रेस्टोरेंट की जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जिसमें कुछ कमियां सामने आने पर संचालक को निर्धारित समय में सुधार करने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट से चिकन बिरयानी का नमूना भी संग्रहित किया गया। इसे गुणवत्ता और मानकों की जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है।


खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


इस निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रजन सिंह एवं सच्चन भी मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

error: Content is protected !!