व्यापारियों ने मंडलायुक्त संगीता सिंह से की मुलाकात, जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग



लव इंडिया, मुरादाबाद। संयुक्त व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने आज अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल जॉनी एवं प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता के नेतृत्व में मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह से मुलाकात की।


इस दौरान संयुक्त व्यापार मंडल की ओर से मंडलायुक्त को पटका पहनाकर, बुके भेंट कर एवं स्मृति चिह्न देकर मुरादाबाद में पदभार ग्रहण करने पर उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।


प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता ने व्यापारियों की ओर से महानगर की प्रमुख समस्याओं को मंडलायुक्त के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद महानगर में जलभराव की समस्या के कारण व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान कई प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में जलभराव होने से आवागमन प्रभावित होता है और व्यापारिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।


उन्होंने मंडलायुक्त से जलभराव की समस्या का स्थायी एवं प्रभावी समाधान कराने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया।


मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि व्यापारियों एवं नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री विपिन गुप्ता के अलावा आलोक अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, सुप्रीत खन्ना, विपुल भटनागर आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।


error: Content is protected !!