दूषित जल और पानी की किल्लत पर शिवसेना का प्रदर्शन चेतावनी, जल निगम को सौंपा ज्ञापन


मुरादाबाद। शहर में दूषित पेयजल आपूर्ति और कई क्षेत्रों में पानी की नियमित सप्लाई न होने की समस्या को लेकर शिवसेना ने जल निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जल निगम के महाप्रबंधक राम कैलाश को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।


ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मुरादाबाद के कई क्षेत्रों, विशेषकर स्टेशन रोड क्षेत्र, में पेयजल आपूर्ति बाधित है, जबकि कई स्थानों पर दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
शिवसेना नेताओं ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जल निगम प्रशासन से मांग की कि दूषित जल की आपूर्ति तत्काल बंद कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा जिन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित है, वहां नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।


जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो शिवसेना कार्यकर्ता जल निगम कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में कमल सिंह राव, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, पंकज पाल, राहुल सिंह, आकाश सिंह, नितेश, नरेंद्र सिक्का और गांधी सहित अन्य शिवसैनिक मौजूद रहे।

error: Content is protected !!