व्यापारियों के उत्पीड़न के विरोध में शिवसेना ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर जीएसटी कार्यालय पर धरना-भूख हड़ताल की चेतावनी


लव इंडिया, मुरादाबाद।
व्यापारियों के कथित मानसिक एवं आर्थिक उत्पीड़न के विरोध में शिवसेना ने व्यापारियों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पहुंचा और एडीएम सिटी को ज्ञापन देकर राज्य कर (जीएसटी) अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।


ज्ञापन में कहा गया कि मुरादाबाद देश ही नहीं बल्कि विश्वभर में पीतल नगरी और निर्यात नगरी के रूप में अपनी विशेष पहचान रखता है। यहां के व्यापारी और कारीगर वर्षों से कड़ी मेहनत कर जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे हैं। इसके बावजूद कुछ राज्य कर अधिकारियों द्वारा व्यापारियों का मानसिक और आर्थिक शोषण किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं, जिससे व्यापारिक समुदाय में रोष व्याप्त है।


शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि व्यापारियों के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य कर विभाग के कुछ अधिकारियों की कार्यशैली के कारण व्यापारी वर्ग अनावश्यक दबाव और परेशानियों का सामना कर रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि व्यापारियों के उत्पीड़न की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके और उनके सम्मान व अधिकारों की रक्षा हो सके। वीरेंद्र अरोड़ा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यापारियों के हित में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो शिवसेना व्यापारियों के साथ मिलकर जीएसटी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन, आमरण अनशन एवं भूख हड़ताल जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगी।

उन्होंने कहा कि शिवसेना हमेशा व्यापारियों के साथ खड़ी रही है और उनकी हर लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, जीतू भाई, दीपक, पंकज पाल, तिलक राज शर्मा, शिबू सैनी सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक एवं व्यापारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!